उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 15 November 2026

उत्तराखंड: पहाड़ो में लौटी ठंड, आज 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी का अलर्ट.. मैदानी इलाकों में छाए बादल

उत्तराखंड में मौसम ने करवट ले ली है। पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। अल्मोड़ा में सुबह कोहरा और शाम को ठंडी हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है। तापमान में गिरावट के साथ बाजारों की रौनक भी कम हुई

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 15 November 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 15 November 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट बदल ली है। रविवार को प्रदेश के मैदानी इलाकों में बादल छाए रहने के साथ कुछ स्थानों पर बूंदाबांदी हुई, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में शनिवार को हुई बर्फबारी के बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के पांच पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम में आए बदलाव का असर तापमान के साथ ही आम जनजीवन पर भी देखने को मिल रहा है।

Uttarakhand Weather Update 15 November 2026

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, इन जिलों में 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। इसके अलावा प्रदेश के अन्य पर्वतीय जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हिमपात की संभावना जताई गई है। हालांकि, प्रदेश के मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।

सुबह देर तक छाया रहा कोहरा, ठंडी हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

अल्मोड़ा में भी मौसम का बदला मिजाज देखने को मिल रहा है। यहां सुबह के समय देर तक कोहरा छाया रहने और शाम होते ही ठंडी हवाएं चलने से ठंड बढ़ रही है। हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिल रही है। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

नवंबर के पहले पखवाड़े में पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार सुबह कोहरा छाने से ठंड का असर बढ़ता जा रहा है। शनिवार को भी सुबह से घना कोहरा छाया रहा, जो सूर्योदय के काफी देर बाद जाकर छंटा। इसके चलते सुबह के समय जनजीवन प्रभावित रहा।

अल्मोड़ा में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट

आसमान में बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते अल्मोड़ा के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम में बदलाव के कारण अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान में 0.2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। आंकड़ों के अनुसार शनिवार को अल्मोड़ा का अधिकतम तापमान 23.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 23.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9.5 डिग्री सेल्सियस था।

शाम होते ही बाजारों में कम हुई रौनक

अल्मोड़ा में शाम के समय ठंडी हवाएं चलने का असर बाजारों में भी देखने को मिला। पिछले दिन की तुलना में बाजारों में कम रौनक रही। सुबह कोहरा, दिन में बादलों की आवाजाही और शाम को सर्द हवाओं के चलते लोगों को लगातार बदलते मौसम का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के बारिश और बर्फबारी के पूर्वानुमान के बीच पर्वतीय क्षेत्रों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं। खासकर ऊंचाई वाले इलाकों में रहने वाले लोगों और यात्रा करने वाले पर्यटकों को मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की जरूरत है।