उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 13 November 2026

उत्तराखंड में फिर बदलेगा मौसम, 7 जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तराखंड के सात जिलों में हल्की बारिश और 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई है। मौसम में बदलाव से पर्वतीय और मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने के आसार हैं...

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 13 November 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 13 November 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं के चलते ठंड बढ़ने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून समेत प्रदेश के सात जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। मौसम में बदलाव का असर पर्वतीय क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों के तापमान पर भी देखने को मिल सकता है।

Uttarakhand Weather Update 13 November 2026

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आज 13 नवम्बर को उत्तराखंड के देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, प्रदेश के 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। बारिश और बर्फबारी के कारण पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ सकती है। इसके साथ ही मैदानी क्षेत्रों के तापमान में भी गिरावट आने के आसार हैं।

15 नवंबर तक ऐसा रहेगा मौसम का मिजाज

आने वाले दिनों में भी प्रदेश के मौसम में खास बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 15 नवंबर तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर जारी रहने की संभावना है। हालांकि, 16 और 17 नवंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम में होने वाले इस बदलाव का असर खासतौर पर पर्वतीय इलाकों में देखने को मिलेगा। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में भी तापमान में गिरावट आने से सुबह और शाम के समय ठंड बढ़ सकती है।

देहरादून में सामान्य से अधिक रहा तापमान

बृहस्पतिवार को देहरादून में दिनभर चटक धूप खिली रही। इसके चलते दिन के समय लोगों को ठंड का अहसास कम हुआ। हालांकि, सुबह और शाम के समय मौसम में हल्की ठंडक बनी रही। तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के अन्य इलाकों में भी मौसम का मिजाज कुछ ऐसा ही बना रहा। अब बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के चलते तापमान में गिरावट आने की संभावना है।