उत्तराखंड उत्तरकाशीUttarakhand Man Released After 9 Years in Saudi Arabia

उत्तराखंड: 9 साल बाद सऊदी अरब की जेल से रिहा होकर घर लौटेंगे इंद्रमणि नौटियाल, 2.51 करोड़ जुटाकर परिवार ने कराई रिहाई

उत्तरकाशी के इंद्रमणि नौटियाल करीब 9 साल बाद सऊदी अरब की जेल से रिहा होकर अपने वतन लौट रहे हैं। उनकी रिहाई के लिए बेटी की अपील पर क्राउड फंडिंग के जरिए 2.51 करोड़ रुपये जुटाए गए, जिसमें उत्तराखंड के लोगों और सरकार ने भी सहयोग किया।

Indramani Nautiyal Saudi Arabia: Uttarakhand Man Released After 9 Years in Saudi Arabia
Image: Uttarakhand Man Released After 9 Years in Saudi Arabia (Source: Social Media)

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले के इंद्रमणि नौटियाल आखिरकार करीब 9 साल बाद अपने वतन लौट रहे हैं। रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए इंद्रमणि एक सड़क हादसे के बाद कानूनी प्रक्रिया में ऐसे उलझे कि उन्हें कई साल जेल में बिताने पड़े। अब लंबी कानूनी लड़ाई और करीब 2 करोड़ 51 लाख रुपये जुटाने के बाद उनकी रिहाई का रास्ता साफ हो गया है। अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी साझा की है। इंद्रमणि की घर वापसी की खबर से उनके परिवार में खुशी का माहौल है।

Uttarakhand Man Released After 9 Years in Saudi Arabia

उत्तरकाशी जिले के गोरसाड़ा गांव के रहने वाले इंद्रमणि नौटियाल वर्ष 2018 में रोजगार की तलाश में सऊदी अरब गए थे। वहां वह ट्रक चालक के रूप में काम कर रहे थे। हालांकि, वर्ष 2019 में एक सड़क हादसे ने उनकी जिंदगी बदल दी। इस हादसे के बाद वह कानूनी प्रक्रिया में फंस गए और भारत वापस नहीं लौट सके। मामला सऊदी अरब की अल-कुरैया (Qurayyah) कोर्ट तक पहुंचा। इसके बाद उन्हें जेल की सजा हुई। कई साल तक परिवार अपने स्तर पर उन्हें वापस लाने की कोशिश करता रहा, लेकिन भारी भरकम रकम जमा कराने की जरूरत के कारण उनकी रिहाई संभव नहीं हो पा रही थी।

सड़क हादसे में पांच लोगों की हुई थी मौत

अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी के मुताबिक, इंद्रमणि नौटियाल सऊदी अरब में ट्रक चला रहे थे। इसी दौरान सामने से अचानक एक कार आ गई और ट्रक व कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। कार में सवार पांच सऊदी नागरिकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
रोशन रतूड़ी के अनुसार, हादसे के समय ट्रक का इंश्योरेंस नहीं था। बताया गया कि इंद्रमणि ने अपने मालिक से बिना इंश्योरेंस ट्रक चलाने से इनकार किया था, लेकिन आरोप है कि मालिक ने उन्हें ट्रक लेकर जाने के लिए मजबूर किया। हादसे के बाद मामला अदालत पहुंचा और इंद्रमणि के खिलाफ कानूनी कार्रवाई हुई।

9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल जमा करने की थी जरूरत

रोशन रतूड़ी के मुताबिक, सऊदी अरब की अदालत ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों को मुआवजा देने का आदेश दिया था। इसके लिए करीब 9 लाख सऊदी रियाल की राशि निर्धारित की गई थी। इंद्रमणि की रिहाई के लिए बाद में टैक्स और करेंसी कन्वर्जन फीस समेत कुल 9 लाख 84 हजार सऊदी रियाल यानी भारतीय मुद्रा में करीब 2 करोड़ 51 लाख रुपये जुटाने की जरूरत पड़ी। इतनी बड़ी रकम जुटाना परिवार के लिए आसान नहीं था। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

बेटी दीपिका की अपील पर शुरू हुई क्राउड फंडिंग मुहिम

पिता को वापस लाने के लिए उनकी बेटी दीपिका नौटियाल और अन्य परिजनों ने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई। इसके बाद उत्तरकाशी से लेकर पूरे उत्तराखंड में लोगों से आर्थिक सहयोग की अपील की गई। इस मुहिम में बड़ी संख्या में लोगों ने अपनी क्षमता के अनुसार योगदान दिया। उत्तराखंड सरकार की ओर से भी 2 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी गई। वहीं, गांव के लोगों और अन्य सहयोगियों ने भी धनराशि जुटाने में मदद की। करीब दो महीने पहले शुरू हुई इस क्राउड फंडिंग मुहिम के जरिए आवश्यक रकम जुटाई गई। इसके बाद सऊदी अरब में संबंधित राशि जमा कराई गई और रिहाई से जुड़ी कागजी कार्रवाई पूरी की गई।

रोशन रतूड़ी ने निभाई अहम भूमिका

इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई और वतन वापसी की प्रक्रिया में अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने बताया कि इंद्रमणि करीब 9 साल और कुछ महीने से सऊदी अरब की जेल में फंसे हुए थे। रोशन रतूड़ी के अनुसार, उनकी रिहाई के लिए दो महीने पहले अभियान शुरू किया गया था। इसके तहत 2 करोड़ 51 लाख रुपये से अधिक की रकम जुटाई गई। आवश्यक राशि जमा होने के बाद कानूनी और कागजी प्रक्रिया पूरी की गई। अब इंद्रमणि अपने घर लौट रहे हैं।

बेटी दीपिका ने जताया सभी का आभार

पिता की रिहाई और घर वापसी की खबर से बेटी दीपिका नौटियाल बेहद खुश हैं। उन्होंने इस मुहिम में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार जताया। दीपिका ने बताया कि पिता की वतन वापसी के लिए दो महीने पहले शुरू की गई मुहिम अब पूरी हो चुकी है। उन्हें उम्मीद थी कि दीपावली तक पिता घर लौट आएंगे, लेकिन फ्लाइट से जुड़ी समस्या के कारण ऐसा नहीं हो पाया। अब दीपावली के बाद उनकी घर वापसी का रास्ता साफ हो गया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही वह सोशल मीडिया के माध्यम से सभी के साथ यह खुशखबरी साझा करेंगी। साथ ही उन्होंने उन सभी लोगों को धन्यवाद दिया, जिन्होंने आर्थिक सहयोग देकर उनके पिता की रिहाई में मदद की।

कौन हैं रोशन रतूड़ी, जो विदेशों में फंसे भारतीयों की करते हैं मदद?

टिहरी जिले के रहने वाले अंतरराष्ट्रीय समाजसेवी रोशन रतूड़ी पिछले करीब 24 वर्षों से विदेशों में फंसे भारतीयों की मदद कर रहे हैं। वह ऐसे लोगों को कानूनी सहायता दिलाने और उन्हें सुरक्षित अपने घर वापस पहुंचाने के प्रयास करते हैं, जो एजेंटों या अन्य कारणों से विदेशों में फंस जाते हैं। बताया जाता है कि अब तक वह 86 भारतीयों के शव भी उनके परिजनों तक पहुंचाने में मदद कर चुके हैं। कोरोना काल के दौरान भी उन्होंने विदेशों में फंसे कई भारतीयों की सहायता की थी। इंद्रमणि नौटियाल की रिहाई भी उनके इसी प्रयास और आम लोगों के सामूहिक सहयोग का परिणाम है। करीब नौ साल बाद अपने परिवार के बीच लौटने की उम्मीद ने उत्तरकाशी के गोरसाड़ा गांव में खुशी की नई वजह दे दी है।