कोटद्वार: उत्तराखंड के लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के स्टोर से 35.045 किलोग्राम हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कपिल लाल ने लालढांग के रेंज अधिकारी अनुराग जोशी और तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला को निलंबित कर दिया है। इस मामले में वर्तमान मालखाना प्रभारी वन दरोगा को पहले ही निलंबित किया जा चुका है। वहीं, चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी के दूसरे साथी की तलाश में पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
35 Kg Elephant Tusks Missing, 3 Forest Officials Suspended
लालढांग रेंज के स्टोर से पांच हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने विभागीय स्तर पर जांच कराई थी। डीएफओ हरिद्वार स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। समिति ने छह नवंबर को अपनी जांच रिपोर्ट वन संरक्षक को सौंपी थी। जांच रिपोर्ट और संबंधित अधिकारियों के बयानों के आधार पर प्रधान मुख्य वन संरक्षक एवं वन बल प्रमुख कपिल लाल ने कार्रवाई करते हुए रेंज अधिकारी अनुराग जोशी और तत्कालीन मालखाना प्रभारी डिप्टी रेंजर भगवत प्रसाद भदूला को निलंबित कर दिया। निलंबन के आदेश लैंसडौन वन प्रभाग को मिल चुके हैं। इससे पहले लालढांग रेंज के वर्तमान मालखाना प्रभारी वन दरोगा वीरेंद्र सिंह को भी निलंबित किया जा चुका है।
कंप्यूटर ऑपरेटर को भी जारी किया नोटिस
विभागीय जांच समिति ने लालढांग रेंज में उपनल के माध्यम से तैनात कंप्यूटर ऑपरेटर हेमंत कुमार की भूमिका को भी संदिग्ध माना है। इसके आधार पर डीएफओ तरुण एस. की ओर से उन्हें नोटिस जारी किया गया है। हालांकि, जांच समिति ने उपनल कर्मी के खिलाफ कार्रवाई को लेकर कोई स्पष्ट निर्देश नहीं दिए हैं। फिलहाल इस मामले में विभागीय स्तर पर जांच और कार्रवाई जारी है।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दूसरे साथी की तलाश में दबिश
वन विभाग के स्टोर से 35.045 किलोग्राम वजन के पांच हाथी दांत चोरी होने के मामले में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस ने गैंडीखाता समेत कई स्थानों पर दबिश दी है, लेकिन फरार आरोपी अभी तक पुलिस की गिरफ्त में नहीं आया है। इस मामले में पुलिस ने दो दिन पहले वन गुर्जर गुलाम मुस्तफा उर्फ नानू को गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान नानू ने अपने एक अन्य साथी की भूमिका के बारे में जानकारी दी। बताया जा रहा है कि दूसरा आरोपी गैंडीखाता का रहने वाला है और गिरफ्तारी के डर से फरार चल रहा है। पुलिस को आशंका है कि चोरी किए गए हाथी दांत फरार आरोपी के पास हो सकते हैं या उसने इन्हें किसी अन्य व्यक्ति को बेच दिया होगा। पुलिस के अनुसार, दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी और पूछताछ के बाद ही हाथी दांतों के संबंध में पूरी जानकारी सामने आ सकेगी। कोटद्वार पुलिस सर्विलांस समेत अन्य माध्यमों से उसकी तलाश में जुटी है।
यमकेश्वर से कोटद्वार स्थानांतरित हुआ था मुकदमा
इस मामले में लैंसडौन वन प्रभाग के उप प्रभागीय वनाधिकारी सुधीर कुमार की तहरीर पर एक नवंबर 2026 को थाना यमकेश्वर में मुकदमा दर्ज किया गया था। बाद में जांच के दौरान घटनास्थल कोटद्वार कोतवाली क्षेत्र में होने की पुष्टि हुई। इसके बाद मुकदमे को आगे की कार्रवाई के लिए कोतवाली कोटद्वार स्थानांतरित कर दिया गया। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ चोरी, आपराधिक प्रवेश और वन्यजीव संरक्षण एवं वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।
हाथी दांत चोरी मामले में पुलिस और वन विभाग की जांच जारी
लालढांग रेंज के स्टोर से हाथी दांत गायब होने के मामले में अब तक विभागीय स्तर पर तीन कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है। वहीं, पुलिस एक आरोपी को गिरफ्तार कर चुकी है और उसके दूसरे साथी की तलाश जारी है। पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम चोरी हुए हाथी दांतों की बरामदगी के साथ ही मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे मामले में और जानकारी सामने आने की उम्मीद है।