रुद्रप्रयाग: उत्तराखंड में खराब मौसम और भारी बारिश के रेड अलर्ट को देखते हुए केदारनाथ धाम यात्रा पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने शनिवार दोपहर से 27 सितंबर तक यात्रा स्थगित करने के आदेश जारी किए हैं।
Kedarnath Yatra Suspended Amid Red Alert
जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने मौसम की स्थिति को देखते हुए यह आदेश जारी किया है। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए यात्रा रोकने का निर्णय लिया है। खराब मौसम का असर केदारनाथ की हेली सेवा पर भी पड़ा। शनिवार को मौसम अनुकूल नहीं होने के कारण केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा संचालित नहीं हुई। केदारनाथ यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हेलीकॉप्टर सेवा का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में मौसम खराब होने पर हेली सेवा को रोकना यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा महत्वपूर्ण कदम है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि उत्तराखंड राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र, देहरादून की ओर से जारी मौसम पूर्वानुमान में रेड अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया कि देश-विदेश से चारधाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित किया गया है।
यात्रा मार्ग पर अधिकारियों को दिए गए निर्देश
यात्रा स्थगित करने के आदेश के बाद यात्रा मार्ग के सभी सेक्टर अधिकारियों, चेकपोस्ट और सेक्टर मजिस्ट्रेट को अपने-अपने क्षेत्रों में आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की ओर से मौसम की स्थिति और यात्रा मार्गों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मौसम सामान्य होने पर फिर शुरू होगी यात्रा
प्रशासन के मुताबिक, मौसम सामान्य होने के बाद केदारनाथ धाम यात्रा दोबारा शुरू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल श्रद्धालुओं से मौसम की स्थिति और प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।