चमोली: चारधाम यात्रा के बाद अब उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की तैयारी तेज हो गई है। प्रदेश सरकार पर्यटन को सालभर चलने वाली गतिविधि बनाने के लिए विंटर टूरिज्म, एडवेंचर और वेलनेस टूरिज्म पर फोकस कर रही है। इसी कड़ी में चमोली जिले के औली में कृत्रिम बर्फ जमाकर विंटर गेम्स आयोजित करने की तैयारी है। वहीं, 20 नवंबर से 700 किलोमीटर लंबी अल्टीमेट उत्तराखंड साइकिल एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता भी शुरू होगी।
Uttarakhand Plans Winter Games in Auli
उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की अहम भूमिका है। अब तक पर्यटन गतिविधियों का बड़ा हिस्सा चारधाम यात्रा और गर्मियों के सीजन पर केंद्रित रहता है। सरकार की कोशिश है कि सर्दियों में भी देश-दुनिया के पर्यटक उत्तराखंड पहुंचें। इसके लिए शीतकालीन यात्रा को बढ़ावा देने की योजना बनाई गई है। बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होने के बाद श्रद्धालुओं को उनके शीतकालीन प्रवास स्थलों तक पहुंचने के लिए सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इन स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी योजना है। इसके अलावा साहसिक गतिविधियों और वेलनेस टूरिज्म के माध्यम से प्रदेश को पूरे साल पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनाने की तैयारी है।
20 नवंबर से शुरू होगी 700 किलोमीटर की साइकिल प्रतियोगिता
साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 20 नवंबर से अल्टीमेट उत्तराखंड साइकिल एमटीबी चैलेंज प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। करीब 700 किलोमीटर की यह प्रतियोगिता प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों के दुर्गम रास्तों से होकर गुजरेगी। इस प्रतियोगिता में 60 से अधिक अंतरराष्ट्रीय एलीट और लाइसेंसधारी पेशेवर साइकिलिस्टों के शामिल होने की उम्मीद है। प्रतियोगिता की शुरुआत नैनीताल जिले के मुक्तेश्वर से होगी। इसके बाद साइकिलिस्ट बागेश्वर, कर्णप्रयाग, गुप्तकाशी, टिहरी और उत्तरकाशी होते हुए देहरादून पहुंचेंगे। प्रतियोगिता का समापन 26 नवंबर को देहरादून में होगा।
औली में कृत्रिम बर्फ से विंटर गेम्स कराने की तैयारी
चमोली जिले का औली लंबे समय से शीतकालीन खेलों के लिए देशभर में पहचान रखता है। हालांकि, वर्ष 2018 के बाद यहां विंटर गेम्स का आयोजन नहीं हो पाया है। अब एक बार फिर औली की ढलानों पर शीतकालीन खेलों की उम्मीद जगी है। उत्तराखंड विंटर गेम्स एसोसिएशन के सहयोग से यहां कृत्रिम बर्फ तैयार करने के लिए लगाए गए आर्टिफिशियल स्नोमेकिंग सिस्टम की मरम्मत का पहला चरण पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही पहाड़ों पर तापमान और नमी की नियमित निगरानी भी शुरू कर दी गई है। सिस्टम की बाकी मरम्मत का काम दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य है। इस व्यवस्था के जरिए प्राकृतिक बर्फबारी पर निर्भरता कम करने और औली में विंटर गेम्स के आयोजन की संभावनाएं बढ़ाने की तैयारी है।
शीतकालीन यात्रा और एडवेंचर टूरिज्म से बढ़ेगा पर्यटन
पर्यटन विभाग की योजना के तहत शीतकालीन यात्रा के साथ साहसिक गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। सरकार का प्रयास है कि सर्दियों में भी पर्यटकों की आवाजाही बनी रहे, जिससे स्थानीय कारोबार, होटल, होमस्टे और पर्यटन से जुड़े लोगों को रोजगार के अवसर मिल सकें।
पर्यटन सचिव धीराज गर्ब्याल के अनुसार, चारधाम के कपाट बंद होने के बाद धामों के शीतकालीन प्रवास स्थलों से यात्रा संचालित की जाएगी। इसके अलावा साहसिक गतिविधियों के माध्यम से पर्यटकों को उत्तराखंड आने के लिए आकर्षित किया जाएगा।