पिथौरागढ़: पिथौरागढ़ की उच्च हिमालयी व्यास घाटी में मौसम ने अचानक करवट ली है। आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी के साथ जिले में लगातार बारिश के चलते 11 सड़कें बंद हैं और शनिवार को स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है।
Pithoragarh Weather First Snowfall Hits Adi Kailash 11 Roads Closed
उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में शुक्रवार दोपहर से लगातार हो रही बारिश के बीच उच्च हिमालयी व्यास घाटी में आदि कैलाश और ओम पर्वत क्षेत्र में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है। नाभीढांग, गुंजी और कुटी समेत 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश के साथ हल्की बर्फबारी शुरू हो गई। बर्फ गिरने के बाद ऊंचाई वाले इलाकों में तापमान में गिरावट आई है और ठंड बढ़ गई है।
नाभीढांग में शाम से बारिश के साथ बर्फबारी
केएमवीएन के नाभीढांग पर्यटक आवास गृह के प्रबंधक नरेंद्र बिष्ट के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब चार बजे से क्षेत्र में रुक-रुककर हल्की बर्फबारी के साथ बारिश हो रही है। नाभीढांग क्षेत्र की ऊंचाई करीब 14 हजार फीट बताई गई है। बर्फबारी के बाद यहां तापमान में गिरावट दर्ज की गई और ठंड का असर बढ़ गया है।
गुंजी और आसपास के गांवों में भी गिर रही बर्फ
केएमवीएन गुंजी के प्रबंधक होशियार रावत ने बताया कि गुंजी क्षेत्र में भी बारिश के साथ हल्की बर्फबारी हो रही है। उनके मुताबिक, 10 हजार फीट से अधिक ऊंचाई वाले गांवों में बर्फ गिर रही है। मौसम में अचानक हुए बदलाव से उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ठंड तेजी से बढ़ने लगी है।
आदि कैलाश की चोटियां बर्फ से ढकीं
करीब 12,303 फीट की ऊंचाई पर स्थित कुटी गांव के होम स्टे संचालक कुंवर सिंह कुटियाल के अनुसार, आदि कैलाश की चोटियों और आसपास के पहाड़ों में बर्फबारी हुई है। बारिश और बर्फबारी के बाद पूरे क्षेत्र में ठंड काफी बढ़ गई है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
इन दिनों आदि कैलाश यात्रा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक व्यास घाटी पहुंच रहे हैं। ऐसे में मौसम में अचानक बदलाव से यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
धारचूला में भी बारिश ने बढ़ाई ठंड
उच्च हिमालयी क्षेत्र में मौसम बदलने के करीब एक घंटे बाद निचली घाटी में भी इसका असर दिखाई दिया। धारचूला नगर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश शुरू हुई, जो शाम होते-होते तेज हो गई। बारिश के कारण सीमांत क्षेत्र में तापमान गिरने लगा है और जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
आज पिथौरागढ़ में स्कूल बंद
लगातार बारिश और मौसम की चेतावनी को देखते हुए पिथौरागढ़ जिले में शनिवार को सभी स्कूलों में अवकाश घोषित किया गया है। वहीं, धारचूला तहसील प्रशासन ने शनिवार को इनर लाइन परमिट जारी नहीं करने का फैसला लिया है। एसडीएम आशीष जोशी के मुताबिक, 20 से 25 सितंबर के बीच कुल 2,783 परमिट जारी किए जा चुके हैं।
पिथौरागढ़ में 11 सड़कें बंद
लगातार बारिश के कारण जिले की अलग-अलग तहसीलों में कुल 11 सड़कें बंद हैं। जिला आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक, बंद सड़कों को खोलने का काम किया जा रहा है।
बंद मार्गों में प्रमुख रूप से शामिल
घाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग
धारचूला-तवाघाट मोटर मार्ग
तवाघाट-गुंजी मोटर मार्ग
ड्योरा-बारमू मोटर मार्ग
देविचौना-जमतड़ी मोटर मार्ग
बड़ाबे-तोली-शिलिंगिया मोटर मार्ग
सोबला-उमचिया मोटर मार्ग
एलागाड़-जुम्मा मोटर मार्ग
घापाबैंड-बुई-पातों मोटर मार्ग
देविसौना-गराली-कूटा मोटर मार्ग
कंज्योति-नारायण आश्रम मोटर मार्ग
सभी विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी भूपेंद्र महर ने बताया कि जिले की सभी तहसीलों में लगातार बारिश के कारण 11 सड़कें बंद हैं। सड़कों को खोलने का काम जारी है। उन्होंने बताया कि सभी संबंधित विभागों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।