देहरादून: उत्तराखंड में मौसम बदलने से पहाड़ से मैदान तक ठंडक बढ़ गई है। केदारनाथ, बदरीनाथ और हेमकुंड साहिब की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई, जबकि मौसम विभाग ने आज सात पर्वतीय जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई है।
Uttarakhand Weather Update 12 October 2026
उत्तराखंड में मौसम विभाग के अलर्ट के बीच रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। दोपहर बाद प्रदेश के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। पर्वतीय क्षेत्रों में चारों धामों सहित ऊंचाई वाले इलाकों में झमाझम बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई और ठंड बढ़ गई। पिछले तीन दिनों से पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर हो रही बारिश के कारण लोगों को ठंड का एहसास होने लगा है। बारिश के बीच केदारनाथ और बदरीनाथ धाम के साथ हेमकुंड साहिब से लगी ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हुई। वहीं, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बारिश के बाद ठंड बढ़ गई है। मौसम में आए बदलाव का असर चारधाम यात्रियों की संख्या पर भी पड़ा है। हालांकि, चारधाम यात्रा सुचारु रूप से जारी है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, सोमवार को उत्तराखंड के सात जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इनमें देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले शामिल हैं। इन जिलों के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। वहीं, देहरादून समेत कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है। प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट
रविवार को देहरादून में अधिकतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से दो डिग्री कम था। यहां न्यूनतम तापमान 18.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं, पंतनगर में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 19 डिग्री और नई टिहरी में 18.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से कम या सामान्य के आसपास रहा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में तापमान सामान्य से काफी कम दर्ज किया गया।