उत्तराखंड देहरादूनDaughter and Lover Arrested in Rishikesh Murder Case

ऋषिकेश मर्डर केस: बेटी ने मां की हत्या की रची साजिश! प्रेमी के साथ मिलकर दिया वारदात को अंजाम

देहरादून के रायवाला में 65 वर्षीय खजानी देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए उनकी बेटी शिल्पा थापा और उसके प्रेमी शिव नारायण पांडे को गिरफ्तार किया है।

Rishikesh Murder Case: Daughter and Lover Arrested in Rishikesh Murder Case
Image: Daughter and Lover Arrested in Rishikesh Murder Case (Source: Social Media)

देहरादून: रायवाला क्षेत्र में 65 वर्षीय खजानी देवी की हत्या के मामले में पुलिस ने उनकी बेटी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, 21 सितंबर को खजानी देवी अपने घर से लापता थीं। घर के मुख्य गेट पर बाहर से ताला लगा हुआ था। रात करीब 10:30 बजे परिजनों ने ताला तोड़कर घर के अंदर प्रवेश किया तो खजानी देवी बाथरूम में मृत मिलीं। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई और 22 सितंबर को रायवाला थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

Daughter and Lover Arrested in Rishikesh Murder Case

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान खजानी देवी की बेटी शिल्पा थापा और परिवार के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद की जानकारी सामने आई। पुलिस का दावा है कि शिल्पा जमीन में हिस्सा चाहती थी और इसी बात को लेकर उसका अपनी मां और भाई से विवाद चल रहा था। जांच में शिल्पा के परिचित शिव नारायण पांडे उर्फ सोनू की भी घटना से पहले आसपास मौजूदगी सामने आई। इसके बाद पुलिस ने दोनों के बीच संबंध और घटना के दिन की गतिविधियों की जांच शुरू की।

700 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली

हत्या की गुत्थी सुलझाने के लिए पुलिस ने छह टीमों का गठन किया। एफएसएल और फील्ड यूनिट की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने आसपास के CCTV कैमरों और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की गतिविधियों को ट्रैक किया। जांच के दौरान करीब 500 होटल-धर्मशालाओं के अलावा बस अड्डों और रेलवे स्टेशनों समेत करीब 700 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली गई। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

फोन बंद कर फरार हो गया था आरोपी

पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद शिव नारायण ने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया और फरार हो गया था। पुलिस उसकी तलाश में लगातार संभावित ठिकानों की जानकारी जुटा रही थी। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने 25 सितंबर को हरिद्वार स्थित शांतिकुंज आश्रम से शिव नारायण पांडे को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक ऐसे रची गई साजिश

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में शिव नारायण ने शिल्पा के कहने पर हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस का दावा है कि शिल्पा ने उसे खजानी देवी के बारे में गलत जानकारी देते हुए बताया था कि वह उसकी सौतेली मां है। पुलिस के मुताबिक, शिल्पा ने शिव नारायण को भरोसा दिलाया था कि मां की मौत के बाद उसे पुश्तैनी जमीन में हिस्सा मिलेगा और जमीन बेचकर दोनों साथ में अपना घर बसा सकेंगे।

घर पहुंचकर गला दबाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, योजना के तहत शिव नारायण 21 सितंबर को खजानी देवी के घर पहुंचा। मौका मिलने पर उसने कथित तौर पर उनका गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस का कहना है कि वारदात के बाद आरोपी ने घर में ताला लगाया और मौके से फरार हो गया।

26 सितंबर को बेटी भी गिरफ्तार

शिव नारायण से पूछताछ के बाद पुलिस ने उसकी निशानदेही और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर शिल्पा थापा को भी गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की कार्रवाई के बाद न्यायिक प्रक्रिया का सामना कर रहे हैं। पुलिस मामले में जुटाए गए साक्ष्यों और दोनों आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।

जमीन के विवाद ने रिश्ते को पहुंचाया खूनी अंजाम?

पुलिस की जांच के मुताबिक, पुश्तैनी जमीन में हिस्से को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद इस हत्याकांड की कथित वजह बना। पुलिस अब मामले में सामने आए सभी साक्ष्यों को जोड़कर आगे की कार्रवाई कर रही है।