उत्तराखंड हरिद्वारHaridwar Gopal Kumar Murder Case Husband Wife Arrested

उत्तराखंड: पहले रिश्ते की शुरुआत, फिर परिवार छोड़ने का दबाव.. गोपाल की हत्या से खुला खौफनाक राज

हरिद्वार में बिजनौर निवासी गोपाल कुमार की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, महिला पर परिवार छोड़कर साथ आने का दबाव और धमकी देने के बाद उसके पति-पत्नी ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

Haridwar murder case: Haridwar Gopal Kumar Murder Case Husband Wife Arrested
Image: Haridwar Gopal Kumar Murder Case Husband Wife Arrested (Source: Social Media)

हरिद्वार: नगर कोतवाली क्षेत्र में सर्वानंद घाट और दूधियाबंद बस्ती के पास मिले बिजनौर निवासी गोपाल कुमार के शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस और सीआईयू की जांच के बाद एक दंपती को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, गोपाल का महिला के साथ संबंध था और वह कथित तौर पर महिला पर पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बना रहा था।

Haridwar Gopal Kumar Murder Case Husband-Wife Arrested

पुलिस का कहना है कि महिला ने जब इसका विरोध किया तो उसे अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी गई। परेशान होकर महिला ने अपने पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद पति-पत्नी ने महिला के भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर गोपाल की हत्या की योजना बनाई।

जंगल में मिला था अज्ञात व्यक्ति का शव

पुलिस के मुताबिक, 17 सितंबर की सुबह दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। शव के पास बिजनौर जाने वाली बस का टिकट मिला, लेकिन पहचान से जुड़ा कोई दस्तावेज नहीं था। इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों और सीमावर्ती जिलों में शव की फोटो और जानकारी भेजकर पहचान कराने का प्रयास किया। 20 सितंबर को परिजनों ने शव की पहचान 50 वर्षीय गोपाल कुमार, निवासी नई बस्ती, आबकारी चौकी के पास, बिजनौर के रूप में की। इसके बाद मृतक के बेटे आशु कुमार की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया और पुलिस-सीआईयू की टीमें जांच में जुट गईं।

इलाज के दौरान हुई थी महिला से पहचान

एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के अनुसार, पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला का पति इसी साल मेरठ के एक अस्पताल में इलाज करा रहा था। इसी दौरान महिला की गोपाल से पहचान हुई। पुलिस के मुताबिक, बाद में दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और संबंध बन गए। गोपाल महिला की आर्थिक मदद भी करने लगा था। आरोप है कि बाद में उसने महिला पर अपना पति और बच्चों को छोड़कर उसके साथ आने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। महिला अपने बच्चों को छोड़ने के लिए तैयार नहीं थी। रक्षाबंधन के दौरान वह बिजनौर में गोपाल से मिलने गई थी। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान महिला के पति को दोनों के संबंधों की जानकारी हुई और विवाद बढ़ गया। आरोप है कि उस दौरान गोपाल ने महिला के पति के साथ मारपीट भी की थी।

धमकियों से परेशान होकर पति को बताई पूरी बात

पुलिस के अनुसार, गोपाल लगातार महिला को फोन कर अपने साथ चलने के लिए दबाव बना रहा था। आरोप है कि वह अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी भी देता था। महिला ने परेशान होकर अपने पति को इसकी जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, महिला ने पति को यह भी बताया कि गोपाल के खिलाफ पहले आपराधिक मामले रहे हैं और वह पुलिस में शिकायत करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता था। इसके बाद पति-पत्नी ने महिला के भाई और गांव के एक अन्य व्यक्ति के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।

50 हजार रुपये में हत्या में साथ देने की बात

एसएसपी के अनुसार, साजिश में गांव के एक व्यक्ति को शामिल किया गया और उसके साथ 50 हजार रुपये में मदद करने की बात तय हुई। पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत 16 सितंबर को महिला ने गोपाल को हरिद्वार मिलने के लिए बुलाया। इसके बाद वह उसे दूधियाबंद के पास गंगा घाट पर ले गई।

गंगा घाट पर सोते ही किया हमला

पुलिस के अनुसार, गंगा घाट पर गोपाल ने शराब पी और खाना खाया। इसके बाद जब वह वहां सो गया तो पहले से मौजूद उसके पति और साथियों ने उस पर चापड़ और छुरी से हमला कर दिया। हमले में गोपाल की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपियों ने उसका मोबाइल फोन और पर्स निकालकर गंगा में फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लोहे का चापड़ बरामद कर लिया है।

मोतीचूर रेलवे स्टेशन से दंपती गिरफ्तार

पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से जांच आगे बढ़ाई। एसएसपी के मुताबिक, सोमवार को पुलिस ने मोतीचूर रेलवे स्टेशन से आरोपी दंपती को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों ने हत्या में शामिल होने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, महिला का भाई और गांव का एक अन्य व्यक्ति भी वारदात में शामिल थे और उनकी तलाश की जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले में फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। हत्या की पूरी साजिश और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका को लेकर जांच जारी है।