उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 9 September 2026

Weather Update: उत्तराखंड में धीमा पड़ा भारी बारिश का दौर, पहाड़ों में यलो अलर्ट; मैदानी इलाकों में बढ़ी गर्मी

Uttarakhand News: उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर फिलहाल धीमा पड़ा है। मैदानी इलाकों में तेज धूप से गर्मी बढ़ी, जबकि पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में तेज बारिश और आकाशीय बिजली का यलो अलर्ट जारी है।

Uttarakhand Weather: Uttarakhand Weather Update 9 September 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 9 September 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश का दौर अब कुछ धीमा पड़ गया है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर बारिश और बौछारें जारी हैं, जबकि अधिकांश मैदानी इलाकों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। इससे लोगों को एक बार फिर गर्मी और उमस का सामना करना पड़ रहा है।

Uttarakhand Weather Update 9 September 2026

मौसम विभाग ने बुधवार को प्रदेश के पर्वतीय जिलों और ऊधम सिंह नगर में यलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। हालांकि, प्रदेश के अधिकांश मैदानी इलाकों में बुधवार को मौसम मुख्यतः शुष्क रहने का अनुमान है।

देहरादून में तेज धूप से बढ़ा तापमान

राजधानी देहरादून में मंगलवार को दिनभर तेज धूप खिली रही। शाम के समय आसमान में आंशिक बादल जरूर दिखाई दिए, लेकिन दिनभर की तेज धूप का असर तापमान पर साफ दिखाई दिया। अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं पिछले दो दिनों में देहरादून का अधिकतम तापमान करीब चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ चुका है। तापमान बढ़ने के कारण शहर में गर्मी और उमस का असर भी बढ़ गया है। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

गुरुवार को फिर तेज हो सकती हैं बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार को प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां फिर तेज हो सकती हैं। पर्वतीय जनपदों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गर्जन के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। वहीं हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में भी कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों और ऊधम सिंह नगर में आकाशीय बिजली चमकने के साथ तेज बारिश के दौर देखने को मिल सकते हैं।

सितंबर के अंत तक मानसून की हो सकती है विदाई

मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, सितंबर के अंतिम दिनों तक उत्तराखंड से मानसून की विदाई शुरू हो सकती है। हालांकि, मानसून की विदाई से पहले पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर बारिश और बौछारों का दौर जारी रहने की संभावना बनी हुई है।
भारी बारिश की गतिविधियां कमजोर जरूर पड़ी हैं, लेकिन पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम तेजी से बदल सकता है। ऐसे में पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी और स्थानीय प्रशासन के निर्देशों पर नजर रखने की सलाह दी जाती है। बारिश के दौरान पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन और मलबा आने की संभावना भी बनी रहती है।