उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 1 September 2026

Uttarakhand Weather Update: प्रदेशभर में आज भारी बारिश के आसार, इन 2 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी

उत्तराखंड में सितंबर की शुरुआत भी बारिश के साथ होने वाली है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 1 सितंबर के लिए 2 जिलों में भारी बारिश का Orange Alert जारी किया है।

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 1 September 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 1 September 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में फिलहाल बारिश से राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के अनुसार सितंबर की शुरुआत भी तेज बारिश के साथ होने वाली है। प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित है, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और नदियों के बढ़ते जलस्तर को लेकर प्रशासन सतर्क है।

Uttarakhand Weather Update 1 September 2026

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 1 सितंबर को देहरादून और टिहरी जिले में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। लगातार सक्रिय मानसून के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने की घटनाएं बढ़ने की आशंका है। वहीं, मैदानी और निचले इलाकों में तेज बारिश के कारण जलभराव की स्थिति बन सकती है। मौसम विभाग ने देहरादून और टिहरी के अलावा प्रदेश के कई अन्य जिलों के लिए भी बारिश और आकाशीय बिजली का येलो अलर्ट जारी किया है। पौड़ी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल और हरिद्वार में कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बिजली चमकने की भी आशंका है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।

6 सितंबर तक बना रह सकता है बारिश का दौर

उत्तराखंड में आने वाले दिनों में भी बारिश से राहत मिलने की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार 6 सितंबर तक प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है। लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना रहेगा। वहीं निचले और शहरी क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पैदा हो सकती है।

देहरादून में शाम को हुई मूसलाधार बारिश

बीते कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार को दिनभर मौसम ने कुछ राहत दी, लेकिन शाम होते ही अचानक मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। करीब एक घंटे की तेज बारिश से देहरादून के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात और जलभराव की स्थिति बन गई। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

दर्शनलाल चौक, एस्लेहॉल चौक, रेलवे स्टेशन, प्रिंस चौक और माजरा समेत कई क्षेत्रों में सड़कों पर पानी भरने से लोगों को परेशानी हुई। खासकर दोपहिया वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा, जबकि कई स्थानों पर यातायात भी प्रभावित हुआ।
वहीं, लगातार बारिश से नदियों और नालों का जलस्तर बढ़ने पर देहरादून पुलिस को अलर्ट मोड पर रखा गया है। एसएसपी के निर्देश पर पुलिस टीमें संवेदनशील स्थानों और नदी-नालों के किनारे लगातार निगरानी कर रही हैं। लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को सतर्क रहने और बढ़ते जलस्तर को देखते हुए नदी-नालों के किनारे नहीं जाने की अपील की जा रही है।

लोगों से सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लगातार बारिश के कारण पर्वतीय मार्गों पर भूस्खलन और मलबा आने की संभावना बनी हुई है। लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। नदी और नालों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए इनके किनारे जाने से बचने की अपील की गई है। भारी बारिश की संभावना को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

सितंबर की शुरुआत में भी जारी रहेगा बारिश का असर

उत्तराखंड में सितंबर की शुरुआत भी मानसून की सक्रियता के साथ हुई है। आने वाले दिनों में भी प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश जारी रहने की संभावना है। ऐसे में लोगों को विशेष रूप से पर्वतीय और नदी-नालों के आसपास के क्षेत्रों में सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने भी सभी संबंधित विभागों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।