उत्तराखंड देहरादूनCBCID to investigate the suspicious death of teacher Srishti Kandari

उत्तराखंड: मुख्यमंत्री धामी के कड़े आदेश, शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत की होगी CBCID जांच

उत्तराखंड की सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत मामले में पति, सास और ननद समेत ससुराल पक्ष पर एफआईआर दर्ज हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मामले की CBCID जांच के आदेश दिए हैं।

Srishti Kandari Case: CBCID to investigate the suspicious death of teacher Srishti Kandari
Image: CBCID to investigate the suspicious death of teacher Srishti Kandari (Source: Social Media)

देहरादून: सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला अब गंभीर मोड़ पर पहुंच गया है। मृतका की मां की शिकायत पर पति, सास, ननद समेत अन्य ससुराल पक्ष के लोगों के खिलाफ हत्या और प्रताड़ना के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पूरे मामले की CBCID से उच्च स्तरीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं।

CBCID to investigate the suspicious death of teacher Srishti Kandari.

पौड़ी गढ़वाल के श्रीकोट निवासी सीमा कंडारी ने डोईवाला कोतवाली में दर्ज तहरीर में बताया कि उनकी बेटी सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी। शिकायत के अनुसार, शादी के बाद से ही सृष्टि को ससुराल में मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। आरोप है कि उसे कभी दहेज की मांग को लेकर तो कभी 'मनहूस' और 'अपशकुन' कहकर परेशान किया जाता था। परिवार में होने वाली किसी भी अनहोनी का जिम्मेदार भी उसे ही ठहराया जाता था।

मां ने लगाया हत्या का आरोप

मृतका की मां ने आरोप लगाया कि 29 जुलाई 2026 को उनकी बेटी की हत्या कर दी गई। उन्होंने पति सौरभ खत्री, सास परवीना देवी, ननद चारू और अन्य परिजनों की संलिप्तता का आरोप लगाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। डोईवाला कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राकेश गुसांई ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

फोरेंसिक जांच पूरी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

पुलिस के अनुसार, फोरेंसिक टीम घटनास्थल का निरीक्षण कर चुकी है। अब जांच एजेंसियों को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

मुख्यमंत्री धामी ने दिए CBCID जांच के आदेश

मामले की गंभीरता को देखते हुए देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र लिखकर निष्पक्ष और उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री से बातचीत के बाद उन्होंने CBCID जांच के आदेश दिए हैं, ताकि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

होनहार शिक्षिका थीं सृष्टि कंडारी

विधायक विनोद कंडारी ने बताया कि सृष्टि कंडारी एक प्रतिभाशाली और समर्पित शिक्षिका थीं। उन्होंने भारत दर्शन शैक्षणिक भ्रमण कार्यक्रम सहित कई शैक्षणिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाई थी। उनकी असामयिक मृत्यु से क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। फिलहाल यह मामला जांच के अधीन है। हत्या और प्रताड़ना के आरोप शिकायत के आधार पर दर्ज किए गए हैं। आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।