देहरादून: उत्तराखंड में एक बार फिर मौसम करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के लिए अगले 7 दिनों का पूर्वानुमान जारी करते हुए कई जिलों में बारिश, बर्फबारी और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी दी है।
Uttarakhand Weather Update 31 March 2026
मौसम विभाग के अनुसार आज 31 मार्च को उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जैसे पहाड़ी जिलों में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की भी संभावना जताई गई है। 31 मार्च को मौसम विभाग ने विशेष अलर्ट जारी किया है। इस दिन कुछ स्थानों पर आकाशीय बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। पूर्वानुमान के अनुसार 1 और 2 अप्रैल को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। इस दौरान लोगों को खराब मौसम से थोड़ी राहत मिल सकती है।
मौसम विभाग की अहम सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहने, पेड़ों के नीचे शरण न लेने और बिजली उपकरणों से दूरी बनाए रखने की हिदायत दी गई है। साथ ही पशुओं को भी खुले में न बांधने की सलाह दी गई है। राजधानी देहरादून समेत मैदानी क्षेत्रों में धूप खिलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। जहां मैदानों में तापमान सामान्य से थोड़ा अधिक है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान सामान्य के आसपास बना हुआ है।