उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले में नौगांव-पुरोला मोटर मार्ग पर मंजियाली के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक अल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी, जिससे चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
Fatal Car Accident in Uttarkashi
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान विशन लाल (30 वर्ष) निवासी ग्राम गढ़, बड़कोट के रूप में हुई है। वह अपनी पत्नी और बच्चों को बर्निगाड़ छोड़कर पुरोला की ओर जा रहा था, जहां वह मजदूरी करता था। नौगांव से करीब 2 किलोमीटर आगे मंजियाली के पास अचानक उसकी कार अनियंत्रित हो गई और गहरी खाई में गिर गई।
मौके पर ही हुई मौत
हादसा इतना भीषण था कि विशन लाल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। कार में वह अकेला ही सवार था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर शव को खाई से बाहर निकाला।
पोस्टमार्टम के बाद सौंपा शव
पुलिस टीम ने शव को बाहर निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौगांव भेजा, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
परिवार में मचा कोहराम
विशन लाल की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। उनकी असमय मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। गौरतलब है कि उसी दिन नैनीताल जिले में भी एक बस हादसा हुआ, जिसमें एक व्यक्ति की मौत और कई लोग घायल हो गए। लगातार हो रहे सड़क हादसे पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।
उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क हादसे लगातार बढ़ते जा रहे हैं। खराब सड़कें, तीखे मोड़ और लापरवाही इन हादसों की बड़ी वजह बन रहे हैं। जरूरत है कि प्रशासन और लोग दोनों मिलकर सड़क सुरक्षा के प्रति गंभीर हों, ताकि ऐसे दर्दनाक हादसों को रोका जा सके।