उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand LPG Black Marketing Crackdown 4 Arrested 429 Cylinders Seized

उत्तराखंड में LPG की कालाबाज़ारी पर शिकंजा, 4 गिरफ्तार.. 429 सिलेंडर ज़ब्त

ईंधन आपूर्ति को लेकर बने पैनिक के बीच उत्तराखंड में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी पर सख्त कार्रवाई की गई है। अब तक 9 FIR दर्ज, 4 गिरफ्तारियां और 429 सिलेंडर जब्त किए जा चुके हैं।

LPG black marketing Uttarakhand: Uttarakhand LPG Black Marketing Crackdown 4 Arrested 429 Cylinders Seized
Image: Uttarakhand LPG Black Marketing Crackdown 4 Arrested 429 Cylinders Seized (Source: Social Media)

देहरादून: ईरान और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध का असर अब भारत सहित कई देशों में ईंधन सप्लाई पर पड़ता दिख रहा है। हालांकि भारत में ईंधन की सप्लाई पूरी तरह बाधित नहीं हुई है, लेकिन सीमित आपूर्ति और अफवाहों के चलते उत्तराखंड में लोगों के बीच पैनिक का माहौल बना हुआ है। इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग गैस सिलेंडर का अवैध भंडारण और कालाबाजारी करने में जुट गए हैं।

Uttarakhand LPG Black Marketing Crackdown: 4 Arrested, 429 Cylinders Seized

उत्तराखंड खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग ने इस अवैध गतिविधि पर सख्ती दिखाते हुए प्रदेशभर में व्यापक कार्रवाई शुरू की है। 9 मार्च से 17 मार्च के बीच कुल 2,053 निरीक्षण किए गए, जिनमें 72 स्थानों पर छापेमारी हुई। इस दौरान 9 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई और 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

429 गैस सिलेंडर जब्त, जुर्माना भी वसूला

प्रवर्तन कार्रवाई के दौरान कुल 429 गैस सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इसके अलावा एक कांटा और 2 रिफिलिंग किट भी बरामद की गई हैं, जो अवैध गतिविधियों में इस्तेमाल हो रही थीं। साथ ही विभाग ने 71,500 रुपये का जुर्माना भी वसूला है और आगे भी कार्रवाई लगातार जारी है।

विभिन्न जिलों में भी बड़े स्तर पर कार्रवाई

देहरादून: 259 निरीक्षण, 4 FIR, 3 गिरफ्तार, 180 सिलेंडर जब्त
नैनीताल: 78 निरीक्षण, 3 FIR, 33 सिलेंडर जब्त
पौड़ी: 564 निरीक्षण, 1 FIR, 39 सिलेंडर जब्त
उत्तरकाशी: 87 निरीक्षण, 37 सिलेंडर जब्त, ₹44,000 जुर्माना
हरिद्वार: 111 निरीक्षण, 21 सिलेंडर जब्त
उधम सिंह नगर: 1 FIR, 1 गिरफ्तारी, 33 सिलेंडर और उपकरण जब्त
अन्य जिलों में भी निरीक्षण और जब्ती की कार्रवाई जारी है।

पैनिक के कारण बढ़ी कालाबाजारी

एलपीजी गैस आम जनता की सबसे जरूरी जरूरतों में से एक है, खासकर शहरी क्षेत्रों में जहां इसके बिना खाना बनाना मुश्किल हो जाता है। यही कारण है कि लोग भविष्य की चिंता में अतिरिक्त सिलेंडर जमा करने लगे हैं। इस स्थिति का फायदा उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी कर रहे हैं और ऊंचे दामों पर गैस बेच रहे हैं।

विभाग का बयान—स्थिति हो रही सामान्य

अपर आयुक्त पीएस पांगती ने बताया कि प्रदेश में गैस की आपूर्ति को सामान्य बनाए रखने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की स्थिति लगभग सामान्य है, जबकि कमर्शियल सिलेंडरों की सप्लाई भी धीरे-धीरे सुधर रही है। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उत्तराखंड में गैस सिलेंडर को लेकर बना पैनिक जहां एक ओर लोगों की चिंता को दर्शाता है, वहीं दूसरी ओर यह कालाबाजारी जैसे अपराधों को भी बढ़ावा दे रहा है।

ये भी पढ़ें: