उत्तरकाशी: उत्तरकाशी जिले में एक और बड़ा सड़क हादसा सामने आया है। यमुनोत्री हाईवे पर डामटा के रिखाऊं खड्ड के पास एक कार अनियंत्रित होकर सीधे यमुना नदी में जा गिरी। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
Tragic Accident on Yamunotri Highway
जानकारी के अनुसार एक गांव के दो युवक अपने गांव ढुइंक से डामटा की ओर जा रहे थे, तभी यह दर्दनाक हादसा हो गया। कार संख्या UK 07 HA 3697 के नदी में गिरते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डामटा पुलिस, फायर सर्विस और State Disaster Response Force (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी में उतरकर की गई तलाशी के दौरान दो शव बरामद किए गए। एसडीआरएफ टीम ने खाई और नदी से शवों को बाहर निकालकर यमुनोत्री हाईवे तक पहुंचाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
मृतकों की पहचान
तुषार खत्री (25 वर्ष), पुत्र दिनेश, निवासी ढुइंक, रिखाऊं, पुरोला
अजय (26 वर्ष), पुत्र मिजान सिंह, निवासी ढुइंक, रिखाऊं, पुरोला
दोनों लोगों की घटनास्थल पर मौत
थानाध्यक्ष पुरोला दीपक कठैत ने बताया कि कार में सवार दोनों लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी। शवों को निकालकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हादसे के बाद पूरे गांव में मातम
एक ही गांव के दो युवकों की असमय मौत से ढुइंक गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे पर राज्य मंत्री राजकुमार, ग्राम प्रधान त्रेपन रावत और जिला पंचायत सदस्य अनिता नेगी समेत कई जनप्रतिनिधियों ने गहरा शोक व्यक्त किया है।