देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से आज सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। शहर के व्यस्त इलाके तिब्बती मार्केट के सामने अज्ञात हमलावरों ने एक युवक को गोली मार दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है और पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
Murder in broad daylight in Dehradun Tibetan Market
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, हत्या के पीछे आपसी विवाद की आशंका जताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दो युवक स्कूटी पर सवार होकर मौके पर पहुंचे और युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगते ही युवक कार के अंदर ही लहूलुहान हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू कर दी। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।
मृतक की पहचान
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान अर्जुन सिंह (40 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अमरदीप गैस एजेंसी के मालिक बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि अर्जुन सिंह सुबह परेड ग्राउंड में टेनिस खेलने आए थे। घटना के समय वे अपनी कार में बैठे हुए थे, तभी तेजी से आए हमलावरों ने उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगने के बाद उन्हें बचाने का मौका नहीं मिल सका। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवा दिया है।
दिनदहाड़े हत्या से दून में दहशत
तिब्बती मार्केट जैसे व्यस्त इलाके में दिनदहाड़े हुई इस हत्या से स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर लोग सवाल उठा रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।