उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 31 January 2026

Uttarakhand Weather Update: आज इन 5 जिलों में बारिश-बर्फबारी के आसार, पड़ेगी कड़ाके की ठंड

उत्तराखंड में कड़ाके की ठंड के बीच मौसम विभाग ने कई जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। पहाड़ों में पाला और बर्फबारी से तापमान गिर रहा है, जबकि केदारनाथ धाम में भारी बर्फ जमी है और सुरक्षा बल तैनात हैं।

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 31 January 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 31 January 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार तल्ख बना हुआ है। पर्वतीय अंचलों से लेकर मैदानी क्षेत्रों तक कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह-शाम घना कोहरा और पहाड़ों में पड़ रहा पाला दुर्घटनाओं को न्योता दे रहा है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव और गर्म कपड़ों का सहारा ले रहे हैं।

Uttarakhand Weather Update 31 January 2026

उत्तराखंड के कई हिल स्टेशनों पर बीते दिनों में हुई बारिश और बर्फबारी के बाद नजारों ने सैलानियों का मन मोह लिया है। बर्फ की चादर से ढकी पहाड़ियां चांदी की तरह चमक रही हैं। पर्यटक बर्फबारी का जमकर आनंद ले रहे हैं और पहाड़ों में मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में दिन के समय धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है, लेकिन शाम ढलते ही ठंड फिर से अपने तेवर दिखा रही है। केदारनाथ धाम में भारी बर्फबारी के चलते पूरा क्षेत्र सफेद चादर में ढक चुका है। धाम में कई फीट तक बर्फ जम गई है और तापमान लगातार नीचे गिर रहा है। भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और रुद्रप्रयाग पुलिस के जवान विषम परिस्थितियों में भी धाम की सुरक्षा संभाले हुए हैं। तेज बर्फीली हवाओं और अत्यधिक ठंड के बीच जवान मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त कर रहे हैं। प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में सुबह और शाम के समय घना कोहरा छाया हुआ है, जिससे दृश्यता कम हो रही है। वहीं पर्वतीय इलाकों में पाले के कारण सड़कों पर फिसलन बढ़ गई है। कई जगहों पर वाहन चालकों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।

मौसम का पूर्वानुमान

देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आज 31 जनवरी को उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है। आज प्रदेश के पिथौरागढ़, चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और बागेश्वर जनपदों के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी होने के बाद तापमान में और गिरावट हो सकती है। खासतौर पर 3000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सिलसिला जारी रह सकता है, जिसका असर मैदानी क्षेत्रों की ठंड पर भी पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के मैदानी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

ये भी पढ़ें: