रामनगर: रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में वन विभाग की रिजर्व फॉरेस्ट भूमि से अतिक्रमण हटाने की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक आज रविवार की सुबह करीब 5:30 बजे शुरू हुई। इस कार्रवाई के तहत 170 परिवारों को बेदखली नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से कुछ परिवार पहले ही स्वेच्छा से घर खाली कर चुके थे, लेकिन क्षेत्र में 130 परिवार अभी भी मौजूद थे। जिनमें से 40 परिवार न्यायालय पहुँच चुके हैं और 90 परिवारों पर आज कार्रवाई की जा रही है। क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक नैनीताल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
Major operation to remove encroachments on forest department land
दरअसल कुछ साल पहले तराई पश्चिमी वन प्रभाग ने रामनगर नगर पालिका को कूड़ा निस्तारण (ट्रेंचिंग ग्राउंड) के लिए करीब एक हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराई थी। इसके बदले नगर पालिका ने वन विभाग को लगभग एक करोड़ रुपये की धनराशि भी दी थी। लेकिन यह भूमि लंबे समय से अतिक्रमणकारियों के कब्जे में थी, जहां कई लोगों द्वारा खेती की जा रही थी। स्थानीय निकाय की यह महत्वपूर्ण परियोजना अवैध कब्जों के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही थी। वन विभाग ने पहले भी अतिक्रमण चिह्नित किया था, लेकिन उस समय कोई सख्त कदम नहीं उठाया गया। अब आज रविवार को सुबह वन विभाग की रिजर्व फॉरेस्ट भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।
कार्रवाई से पहले किया गया व्यापक सर्वे
जानकारी के अनुसार कार्रवाई से एक दिन पहले यानि बीते शनिवार को अपर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार कत्याल, वन विभाग की एसडीओ किरण शाह, राजस्व विभाग, पुलिस और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने क्षेत्र का व्यापक सर्वे किया था। टीम ने पूरे इलाके में ड्रोन कैमरों से मैपिंग की, अवैध कब्जों की पहचान की और लोगों से पूछताछ और दस्तावेजों की जांच की सर्वे के दौरान कुछ लोगों और प्रशासनिक टीम के बीच नोकझोंक भी हुई थी। उसके बाद से ही क्षेत्र में यह चर्चा तेज हो गई थी कि अतिक्रमण पर जल्द ही बड़ी कार्रवाई होने वाली है। इसके बाद आज आज सुबह करीब 5:30 बजे से नैनीताल जिले के रामनगर के पूछड़ी क्षेत्र में वन विभाग की रिजर्व फॉरेस्ट भूमि से अतिक्रमण हटाने की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक कार्रवाई शुरू हो गई। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू होने के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
40 परिवार पहुँच चुके हैं न्यायालय
वन विभाग के डीएफओ प्रकाश आर्य ने बताया कि अपर कोसी ब्लॉक क्षेत्र में कुल 170 परिवारों को बेदखली नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से कुछ परिवार पहले ही स्वेच्छा से घर खाली कर चुके थे। कार्रवाही शुरू होने के दौरान भी क्षेत्र में 130 परिवार मौजूद थे, जिनमें से 40 परिवार न्यायालय पहुँच चुके हैं। वहीं शेष 90 परिवार आज बेदखली की कार्रवाई के दौरान अपने मवेशियों और सामान को लेकर इधर-उधर भागते नजर आए। कुछ स्थानों पर माहौल तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने हल्का बल प्रयोग भी किया। हालांकि प्रशासन का कहना है कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। अतिक्रमण क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक नैनीताल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पूरे क्षेत्र में बैरिकेडिंग की गई है और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए मीडिया को भी कार्रवाई स्थल से दूर रखा गया है।