देहरादून: बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र का निधन हो गया है, मुंबई के विले पार्ले श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार हुआ. उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सोमवार को दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने X पर पोस्ट कर कहा कि धर्मेंद्र का जाना भारतीय फिल्म जगत के लिए “अपूरणीय क्षति” है।
Bollywood actor Dharmendra passes away
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने X.com पर की गई पोस्ट में लिखा है कि “प्रसिद्ध भारतीय अभिनेता धर्मेंद्र जी के निधन का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। उनका जाना भारतीय फिल्म जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। आपकी मुस्कान और आपके किरदार सदैव हमारे स्मृतिपटल पर रहेंगे। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और उनके परिवारजनों व असंख्य प्रशंसकों को इस दुख की घड़ी में धैर्य प्रदान करें।” अभिनेता धर्मेंद्र की मुस्कान, उनका व्यक्तित्व और उनके निभाए किरदार हमेशा लोगों के दिलों में जिंदा रहेंगे। भारतीय सिनेमा के ‘ही-मैन’ के रूप में प्रसिद्ध धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में सोमवार को मुंबई स्थित अपने निवास पर अंतिम सांस ली। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे।
दो पत्नियाँ और छह बच्चे छोड़ गए धर्मेंद्र
जानकारी के अनुसार बीते 10 नवंबर को स्वास्थ्य खराब होने पर अभिनेता को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। दो दिन बाद परिवार ने घर पर ही उपचार कराने का निर्णय लिया और 12 नवंबर की सुबह 7.30 बजे उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। उनकी उम्र 89 साल थी, जिसकी वजह से उनके लिए हेल्थ प्रॉब्लम्स से रिकवर करना मुश्किल हो गया था। आज सोमवार 24 नवम्बर 2025 को अचानक उनके निधन की खबर सामने आई। अभिनेता धर्मेंद्र अपने पीछे दो पत्नियाँ और छह बच्चे छोड़ गए हैं। उनकी पहली पत्नी प्रकाश कौर से उन्हें (दो बेटे और दो बेटियां) सनी देओल, बॉबी देओल, विजेता और अजीता हैं। वहीं दूसरी पत्नी हेमा मालिनी से उन्हें (दो बेटियां) ईशा देओल और अहाना देओल हैं।
भारतीय सिनेमा की शान
अभिनेता धर्मेंद्र ने अपने छह दशक के लंबे करियर में ऐसी अनगिनत फिल्में दीं, जो आज भी भारतीय सिनेमा की शान मानी जाती हैं। उन्होंने एक्शन, कॉमेडी, रोमांस और ड्रामा—हर तरह की भूमिकाओं में बेजोड़ अभिनय किया। शोले, धर्मवीर, चुपके चुपके, लोफ़र, जुगनू, सीता और गीता उनकी अविस्मरणीय फिल्मों में शामिल हैं। रोमांटिक हीरो के रूप में भी धर्मेंद्र ने अपनी अलग पहचान बनाई। आए मिलन की बेला, अनुपमा, आस पास, प्यार ही प्यार, ब्लैकमेल, जीवन मृत्यु, आपकी परछाइयाँ जैसी फिल्मों में उनका रोमांटिक अंदाज़ आज भी दर्शकों को मोहित करता है। नई पीढ़ी ने भी उन्हें लाइफ इन अ मेट्रो और हालिया फिल्म रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में उतने ही प्यार से अपनाया।
दिसंबर में भी रिलीज़ होने वाली है एक फिल्म
धर्मेंद्र आखिरी बार 2024 में रिलीज़ हुई फिल्म तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया में नजर आए थे, जिसमें उन्होंने शाहिद कपूर के दादा का किरदार निभाया था। 2023 में करण जौहर की रॉकी और रानी की प्रेम कहानी में उन्होंने अपने पुराने रोमांटिक आकर्षण को फिर से जीवंत कर दिया था, जिसे दर्शकों ने खूब सराहा। उनकी आगामी फिल्म इक्कीस, जिसका निर्देशन श्रीराम राघवन ने किया है, दिसंबर में रिलीज़ होने वाली है। उम्र के इस पड़ाव पर भी धर्मेंद्र का लगातार काम करना, उनकी अनुशासनप्रियता और कला के प्रति समर्पण को दर्शाता है। अभिनेता धर्मेंद्र ने अपने अभिनय के साथ अपनी सादगी, सौम्यता और आकर्षक व्यक्तित्व से हर पीढ़ी को प्रभावित किया।