देहरादून: आखिरकार कर्मचारियों का इंतजार खत्म हुआ है। धामी सरकार ने दीपावली से पहले बोनस व डीए जारी कर दिया है। प्रदेश के 2.50 लाख से अधिक कर्मचारियों को एक जुलाई से 31 अक्तूबर तक के डीए का नकद भुगतान किया जाएगा। इसके अलावा अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस का लाभ दिया जाएगा।
Dhami Govt Releases Bonus and DA Before Diwali
आपको बता दें कि हाल ही में वित्त विभाग की ओर से बोनस और डीए वृद्धि से संबंधित पूरी पत्रावली तैयार कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को भेजी गई थी। वित्त विभाग के प्रस्ताव को सीएम धामी की मंजूरी मिल गई है। प्रदेश सरकार ने दीपावली से पहले कर्मचारियों को बोनस और महंगाई भत्ता का तोहफा दे दिया। केंद्र सरकार के बाद उत्तराखंड सरकार ने भी अपने कर्मचारियों को तीन प्रतिशत बढ़ौतरी के साथ डीए देने का निर्णय लिया है। जिसमें एक जुलाई 2025 से महंगाई भत्ते की दर को संशोधित कर 55 प्रतिशत के स्थान पर 58 प्रतिशत किया। दीपावली से पहले कर्मचारियों को बोनस व डीए जारी करने का फैसला लिया गया।
बोनस और DA जारी करने का एलान
राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से दीपावली से पहले बोनस और डीए जारी करने की मांग की थी। अपर सचिव वित्त डॉ. अहमद इकबाल ने बताया कि बोनस व डीए के लिए शासन स्तर पर प्रक्रिया जारी थी। इसके बाद आज बुधवार को राज्य सरकार ने भी बोनस और महंगाई भत्ता जारी करने का एलान कर दिया है।
कर्मचारियों में ख़ुशी की लहर
सरकार की ओर से दीपावली से पहले ही 4800 ग्रेड वेतन तक के कर्मचारियों को तदर्थ बोनस (Ad-hoc Bonus) दिया गया है। इस बोनस की अधिकतम सीमा 7000 रुपये तय की गई है, जिसके आधार पर 30 दिनों का बोनस 6908 रुपये दिया जाएगा। बोनस का लाभ उन सभी कर्मचारियों को मिलेगा जो 31 मार्च 2025 तक सेवा में हैं और जिन्होंने कम से कम छह महीने की सतत सेवा पूरी की है। जिन कर्मचारियों की सेवा छह महीने से एक वर्ष के बीच है, उन्हें सेवा अनुपात के आधार पर बोनस मिलेगा। वहीं, दैनिक वेतनभोगी कर्मचारी, जिन्होंने पिछले तीन वर्षों में हर वर्ष कम से कम 240 दिन कार्य किया है, उन्हें 1184 रुपये बोनस प्रदान किया गया है। दिवाली से पहले ही बोनस और महंगाई भता मिलने की खुशखबरी सुनकर सभी सरकारी कर्मचारियों में ख़ुशी की लहर दौड़ गई है।