नैनीताल: मल्लीताल मोहनको स्थित एक 162 साल पुरानी तीन मंजिला एतिहासिक भवन "ओल्ड लंदन हाउस" में बीती रात भीषण आग लग गई। भवन में लगी भीषण आग में एक महिला की जलकर मौत हो गईं। बताया जा रहा है कि मृतक महिला इतिहासकार प्रो. अजय रावत की बहन शांता (शानो) देवी थी।
Huge fire breaks out in Nainital Old London House
जानकारी के अनुसार बीते बुधवार को देर रात पौने दस बजे नैनीताल जिले के मल्लीताल के मोहनको क्षेत्र में स्थित तीन मंजिला ऐतिहासिक भवन "ओल्ड लंदन हाउस" में भीषण आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि रात करीब पौने दस बजे राहगीरों और समीप स्थित रेस्टोरेंट संचालकों ने भवन से उठती आग की लपटें और धुआँ देखा। जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत दमकल विभाग को आग लगने की सूचना दी और स्वयं भी मदद के लिए भवन की तरफ दौड़े पड़े। मौके पर मौजूद कुछ साहसी युवकों ने जोखिम उठाकर भवन के भीतर प्रवेश किया। उन्होंने शांता देवी के बेटे निखिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन आग की तेज लपटों और धुएँ के कारण लोग भवन के अन्य हिस्सों तक नहीं पहुँच सके।
भवन में मिला महिला का शव
इसी बीच, तेज हवाओं के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे रात करीब 11 बजे तक पूरा भवन धू-धू कर जलने लगा। करीब 11 बजे तक दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुँची, लेकिन सबसे बड़ी समस्या यह हुई कि नजदीकी हाईड्रेंट खाली मिला। ऐसे में आग बुझाने के लिए कर्मचारियों को दमकल वाहनों से ही पानी का उपयोग करना पड़ा। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब साढ़े 12 बजे तक आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद टीम ने भवन के अंदर गए, तो वहां एक महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ। शव पूरी तरह जल जाने के कारण पहचान कठिन हो गई, लेकिन अनुमान है कि यह शव भवन की मालकिन 85 वर्षीय बुजुर्ग महिला का है।
ऐतिहासिक भवन है "ओल्ड लंदन हाउस"
जानकारी के अनुसार इस हादसे में नष्ट हुए भवन "ओल्ड लंदन हाउस" का निर्माण साल 1863 में किया गया था। अंग्रेजी शासनकाल के दौरान इसे सरकारी भवन के रूप में प्रयुक्त किया जाता था। उस समय नैनीताल ब्रिटिश शासन के नॉर्थ प्रॉविंस की राजधानी थी। भवन की ऊपरी मंजिल में अंडर सेक्रेटरी स्तर के अधिकारी रहते थे, दूसरी मंजिल में लिपिक वर्ग और भूतल पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी रहते थे। वर्तमान में इस भवन में इतिहासकार प्रो. अजय रावत की बड़ी बहन शांता देवी और उनका बेटा निखिल रहते थे। आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और दमकल विभाग की टीम भवन आग लगने के कारणों की जांच कर रहे हैं।