देहरादून: उत्तराखंड में सरकारी आईटीआई के विद्यार्थियों को अब प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा, साथ ही हर महीने आठ हजार रुपये भी दिए जाएंगे। मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि छात्रों को प्रशिक्षण देने के लिए सरकार चार प्रतिष्ठित कंपनियों के साथ समझौता किया गया है।
New system of dual training system implemented in ITI
उत्तराखंड के कौशल विकास और रोजगार मंत्री सौरभ बहुगुणा ने इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि प्रदेश के 80 सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) में से 32 ITI में इस साल से दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली की नई व्यवस्था लागू होने जा रही है। इसके अंतर्गत, सरकार ने चार प्रतिष्ठित कंपनियों - बजाज ऑटो लिमिटेड, टाटा मोटर्स, हीरो मोटो कार्प और हिमालयन पावर मशीन मेनुफेक्चरिंग के साथ समझौता किया है। इस योजना के तहत, ये कंपनियां छात्रा-छात्राओं को आधा प्रशिक्षण आईटी संस्थानों में आकर देंगी, वहीं आधा प्रशिक्षण इन कंपनियों में ही दिया जाएगा।
प्रशिक्षण के साथ मिलेगी धनराशी
इसके अलावा आईटीआई छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण के दौरान हर महीने कम से कम आठ हजार रुपये भी दिए जाएंगे। वहीं कुछ कंपनियों ने यह भी तय किया है कि छात्र-छात्राओं को प्रशिक्षण के दौरान आठ हजार से अधिक धनराशि दी जाएगी। ताकी युवा तकनीकी रूप से सक्षम होने के साथ ही आत्मनिर्भर बनेंगे। आईटीआई में दोहरी प्रशिक्षण प्रणाली में वेल्डर, फिटर, मैकेनिक, ऑटो बॉडी पेंटिंग, टर्नर आदि का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के लिए हर आईटीआई में 20 से लेकर 24 छात्र संख्या तय की गई है। इसके अलावा उत्तराखंड के आईटीआई छात्र-छात्राओं को इस साल से सरकारी स्कूलों की तर्ज पर ड्रेस के लिए भी पैसा दिया जाएगा।
यूनिफ़ॉर्म के लिए भी दी जाएगी धनराशी
कौशल विकास और रोजगार मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया कि प्रदेश में बीते साल 2024 में आईटीआई के छात्रों को मुफ्त यूनिफ़ॉर्म की योजना को स्वीकृति दी गई थी। लेकिन पिछले साल छात्रों को मुफ्त ड्रेस या इसके लिए कोई धनराशि नहीं मिल पाई थी। इसलिए इस साल से, डीबीटी के माध्यम से पहली बार आईटीआई के छात्रों को ड्रेस के लिए धनराशि आवंटित की जाएगी। प्रदेश के सरकारी स्कूलों के छात्रों को जितनी धनराशि ड्रेस के लिए दी जाती है अब उतनी ही धनराशी आईटीआई के छात्रों को भी दी जाएगी।