देहरादून: दीपावली पर्व के दौरान वन्यजीवों की सुरक्षा और जंगलों में अवैध घुसपैठ रोकने के लिए राजाजी टाइगर रिजर्व प्रशासन ने रेड अलर्ट जारी किया है। पार्क क्षेत्र के सभी चेक पोस्ट और बैरियरों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। बैराज, चीला और गंगा भोगपुर बैरियरों से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की जाएगी। वहीं, वनकर्मियों को 24 घंटे अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Rajaji Tiger Reserve on Red Alert for Diwali
पार्क प्रशासन के अनुसार, बैराज-चीला मार्ग सर्दियों में शाम छह बजे और गर्मियों में रात आठ बजे बंद कर दिया जाता है। दीपावली के दौरान इस समय सीमा का सख्ती से पालन कराया जाएगा। निर्धारित समय के बाद मार्ग पर नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा पार्क के अंदर नाले-खालों और संवेदनशील स्थानों पर गश्त बढ़ाई गई है। शिकार और अवैध घुसपैठ रोकने के लिए विशेष निगरानी की जा रही है। संवेदनशील इलाकों में कैमरे लगाने की भी योजना है।
पटाखों और भीड़भाड़ से वन्यजीवों की सुरक्षा पर जोर
दीपावली के दौरान पटाखों के शोर और बढ़ती आवाजाही से वन्यजीवों को परेशानी होने की आशंका रहती है। साथ ही जंगलों में आग लगने और शिकारियों की सक्रियता का खतरा भी बढ़ सकता है। इसी को देखते हुए पार्क प्रशासन ने विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। राजाजी टाइगर पार्क गोहरी के क्षेत्राधिकारी राजेश चंद जोशी ने बताया कि त्योहारी सीजन को देखते हुए पार्क क्षेत्र से गुजरने वाले वाहनों की जांच की जा रही है। पार्क प्रशासन दिन-रात अलर्ट मोड पर है और संदिग्ध वाहनों व गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।
मोतीचूर रेंज में रेलवे ट्रैक के आसपास सघन गश्त
दीपावली को देखते हुए राजाजी टाइगर रिजर्व की मोतीचूर रेंज में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। रेंज अधिकारी गौरव नेगी के निर्देश पर वनकर्मियों की टीम ने बुधवार को मोतीचूर-देहरादून और ऋषिकेश रेलवे ट्रैक के आसपास जंगल क्षेत्र में सघन गश्त की। वन विभाग ने रेलवे ट्रैक के आसपास अवैध घुसपैठ और वन्यजीवों की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी टीम गठित की है। रेंज अधिकारी गौरव नेगी के अनुसार, दीपावली के दौरान जंगल में आग लगने की आशंका बढ़ जाती है। इसके साथ ही अवैध घुसपैठ और वन्यजीवों के शिकार की आशंका को देखते हुए पार्क और गांवों से सटे क्षेत्रों में गश्त की जाएगी।
रेलवे ट्रैक के आसपास सफाई अभियान भी जारी
वन विभाग की ओर से रेलवे ट्रैक से गुजरने वाली ट्रेनों से जंगल में फेंकी जाने वाली गंदगी को हटाने के लिए सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है। पार्क प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अपील की है कि जंगल या आसपास के क्षेत्रों में कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत वन विभाग के अधिकारियों को सूचना दें। वन विभाग का कहना है कि दीपावली के दौरान जंगल और वन्यजीवों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।