उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Weather Update 30 October 2026

Weather Update: उत्तराखंड में 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, 5 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

उत्तराखंड के पांच जिलों में मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश, तेज हवाओं और बर्फबारी की आशंका के बीच चारधाम यात्रा मार्गों पर सतर्कता बढ़ाई गई है।

Uttarakhand Weather Update: Uttarakhand Weather Update 30 October 2026
Image: Uttarakhand Weather Update 30 October 2026 (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पांच जिलों में आज ऑरेंज अलर्ट और अन्य जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। भारी बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी के बीच चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

Uttarakhand Weather Update 30 October 2026

मौसम विभाग के अनुसार आज शुक्रवार 30 अक्टूबर को पांच जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है। मौसम विभाग ने बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, चंपावत और चमोली जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। इनमें बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत के कुछ स्थानों पर भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, चमोली समेत अन्य क्षेत्रों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की आशंका जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार, 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके अलावा 3200 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। प्रदेश में दो नवंबर तक मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। चेतावनी को देखते हुए आपदा प्रबंधन विभाग भी अलर्ट मोड पर है। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने जिलों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सतर्क रहने और आवश्यक एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।

चारधाम यात्रा मार्गों पर विशेष सतर्कता के निर्देश

खराब मौसम को देखते हुए चारधाम यात्रा मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। सचिव विनोद कुमार सुमन ने कहा कि मौसम खराब होने या किसी संभावित खतरे की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को यात्रा मार्गों की स्थिति पर लगातार नजर रखने और परिस्थितियों के अनुसार आवश्यक निर्णय लेने को कहा है। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।

राहत और बचाव दलों को तैयार रहने के निर्देश

आपदा प्रबंधन विभाग ने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए राहत और बचाव दलों को तैयार रखने को कहा है। प्रभावित लोगों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा करने से बचें। नदी-नालों, जलधाराओं और भूस्खलन संभावित क्षेत्रों के आसपास विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

आपदा की सूचना के लिए जारी किया टोल फ्री नंबर

आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी आपात स्थिति या आपदा संबंधी घटना की जानकारी तत्काल राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र को दें। इसके लिए टोल फ्री नंबर 1070 जारी किया गया है। बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र, अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रियान्वयन डीआईजी राजकुमार नेगी, संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी दिनेश कुमार पुनेठा, मोहित माथुर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

सीएम धामी ने दिए सुरक्षा के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन से बातचीत कर आम जनता की सुरक्षा के लिए सभी आवश्यक सुरक्षात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए प्रशासन ने जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। खासकर चारधाम यात्रा मार्गों और उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।