हरिद्वार: त्योहारी सीजन में हरिद्वार और जबलपुर के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए रेलवे ने पूजा फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन के संचालन में बदलाव किया है। रेलवे ने ट्रेन की शुरुआत की तारीख आगे बढ़ाने के साथ ही इसके फेरों की संख्या भी कम कर दी है। पहले इस ट्रेन का संचालन 8 अक्टूबर से शुरू होना था, लेकिन अब ट्रेन 22 अक्टूबर से संचालित होगी। रेलवे के नए शेड्यूल के अनुसार, गाड़ी संख्या 01703-04 जबलपुर-हरिद्वार-जबलपुर पूजा फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन 22 अक्टूबर से 20 नवंबर के बीच किया जाएगा। ट्रेन दोनों दिशाओं में 5-5 फेरे लगाएगी।
Haridwar-Jabalpur Puja Special Train Schedule 2026
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव के अनुसार, जबलपुर से ट्रेन हर बृहस्पतिवार शाम 3:30 बजे रवाना होगी। रास्ते में ट्रेन कटनी, दमोह, सागर, बीना मलखेड़ी, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी जंक्शन, ग्वालियर, आगरा कैंट, अलीगढ़, खुर्जा, हापुड़, मेरठ सिटी और रुड़की सहित प्रमुख स्टेशनों पर होकर गुजरेगी। ट्रेन अगले दिन दोपहर 2:20 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।
हरिद्वार से जबलपुर के लिए शुक्रवार को चलेगी ट्रेन
हरिद्वार से पूजा स्पेशल ट्रेन 23 अक्टूबर से प्रत्येक शुक्रवार शाम 3:10 बजे रवाना होगी। निर्धारित स्टेशनों से होते हुए ट्रेन अगले दिन शाम 4:20 बजे जबलपुर पहुंचेगी। रेलवे के अनुसार, त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ी आवाजाही को देखते हुए इस विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी।
दो अन्य फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनों के भी फेरे तय
सीनियर डीसीएम महेश यादव ने बताया कि त्योहारों को देखते हुए दो अन्य ट्रेनों का संचालन भी विशेष फेरों के साथ किया जाएगा। गाड़ी संख्या 04603-04 श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा-वाराणसी-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा ट्रेन का संचालन 4 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक दोनों दिशाओं में 9-9 फेरे किया जाएगा। वहीं, गाड़ी संख्या 04609-10 जम्मूतवी-वाराणसी-जम्मूतवी ट्रेन 1 अक्टूबर से 27 नवंबर तक दोनों ओर से 9-9 फेरे लगाएगी। इन दोनों ट्रेनों को मुरादाबाद मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर ठहराव भी दिया गया है। त्योहारों के दौरान यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए इन विशेष ट्रेनों से यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।