देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन का गवाह बन रही है। हिमाद्रि आइस रिंक में International Short Track Speed Skating Trophy 2026 की शुरुआत हो गई है। प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। इस अवसर पर एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग-ही चांग विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
Dehradun international short track speed skating trophy 2026 14 countries
इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारत समेत एशिया और अन्य देशों के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। चीन, दक्षिण कोरिया, वियतनाम, इंडोनेशिया, फिलीपींस, हांगकांग, थाईलैंड, सिंगापुर, ऑस्ट्रेलिया, मंगोलिया और मलेशिया समेत कुल 14 देशों के स्केटर्स प्रतियोगिता में शामिल हैं। प्रतियोगिता में कई ओलंपियन और ओलंपिक पदक विजेता खिलाड़ियों की मौजूदगी से मुकाबला बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है।
‘One Asia, One Family’ एंथम ने बांधा समां
उद्घाटन समारोह में भारतीय संस्कृति और एशियाई एकता की झलक देखने को मिली। भारतीय स्केटिंग एसोसिएशन की ओर से तैयार किए गए ‘One Asia, One Family’ एंथम के दौरान 14 देशों के खिलाड़ियों ने अपने-अपने राष्ट्रीय ध्वज के साथ मार्च किया। इस दौरान हिमाद्रि आइस रिंक अलग-अलग देशों के झंडों और खिलाड़ियों से सजा नजर आया।
वर्ल्ड कप और ओलंपिक क्वालिफिकेशन पर नजर
यह प्रतियोगिता भारतीय स्केटर्स के लिए काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खिलाड़ियों का लक्ष्य शानदार प्रदर्शन कर वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करना है। इसके बाद ओलंपिक क्वालिफिकेशन की दिशा में भी आगे बढ़ने का अवसर मिल सकता है। भारतीय स्केटिंग एसोसिएशन के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा के अनुसार, प्रतियोगिता में एशिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों की मौजूदगी के कारण मुकाबला बेहद कड़ा होगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में छह ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट भी हिस्सा ले रहे हैं।
भारत का लक्ष्य नंबर-1 बनना
अमिताभ शर्मा ने बताया कि ओवरऑल टीम स्तर पर भारत फिलहाल दूसरे स्थान पर है और इस बार टीम का लक्ष्य नंबर-1 स्थान हासिल करना है। पूरे देश से करीब 130 एथलीट इस एशियाई चैंपियनशिप में हिस्सा ले रहे हैं। उत्तराखंड की भागीदारी भी अहम है। फिगर स्केटिंग में प्रदेश टॉप-3 में है, जबकि शॉर्ट ट्रैक टीम में उत्तराखंड के छह एथलीट भारतीय टीम का हिस्सा हैं।
ये भी पढ़ें:
उत्तराखंड बन रहा ग्लोबल स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हिमालयी राज्य उत्तराखंड में इतने बड़े अंतरराष्ट्रीय आयोजन का होना प्रदेश और देश दोनों के लिए उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल खेल प्रतियोगिता नहीं है, बल्कि अलग-अलग देशों के बीच सांस्कृतिक संबंधों और आपसी सामंजस्य का भी प्रतीक है। सीएम ने कहा कि हिमाद्रि आइस रिंक अब अंतरराष्ट्रीय डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना रहा है। ऐसे आयोजनों से उत्तराखंड के साथ देशभर के युवा खिलाड़ियों को नए अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आइस स्पोर्ट्स के साथ-साथ वाटर स्पोर्ट्स और साहसिक खेलों में भी तेजी से आगे बढ़ रहा है।
भारतीय खिलाड़ियों की नजर वर्ल्ड कप पर
भारतीय टीम के खिलाड़ी प्रणव माधव और अद्वैत कोठारी ने बताया कि उनका पहला लक्ष्य प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर वर्ल्ड कप के लिए क्वालिफाई करना है। दोनों खिलाड़ियों के मुताबिक एशिया के लगभग सभी शीर्ष खिलाड़ी प्रतियोगिता में मौजूद हैं, इसलिए मुकाबला चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से इस प्रतियोगिता के लिए तैयारी की जा रही है और उनका लक्ष्य अपने पिछले प्रदर्शन और रिकॉर्ड को बेहतर करना है।
दक्षिण कोरिया के ओलंपियंस ने की देहरादून की तारीफ
दक्षिण कोरिया से आए शीर्ष स्केटिंग अधिकारियों और ओलंपिक स्तर के अधिकारियों ने भी देहरादून की मेजबानी की सराहना की। चीफ रेफरी ह्येवोन पार्क, असिस्टेंट रेफरी सियोंग इल किम और गेस्ट ऑफ ऑनर जंग सु पार्क ने हिमाद्रि आइस रिंक की सुविधाओं की तारीफ की। उन्होंने देहरादून में प्रतियोगिता का हिस्सा बनने पर खुशी जताई और आने वाले दिनों में रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद व्यक्त की।