उत्तराखंड उत्तरकाशीHeavy Rain Disrupts Life in Uttarakhand

उत्तराखंड में मूसलाधार बारिश का कहर! चारधाम यात्रा बाधित, हाईवे पर बोल्डर गिरने की घटनाएं.. कई सड़कें बंद

उत्तराखंड में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त। यमुनोत्री पैदल मार्ग का हिस्सा धंसा, हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्री घायल, टिहरी में 9 सड़कें बंद और डोईवाला में जलभराव से लोगों की मुश्किलें बढ़ीं।

Uttarakhand Rain News: Heavy Rain Disrupts Life in Uttarakhand
Image: Heavy Rain Disrupts Life in Uttarakhand (Source: Social Media)

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में देर रात से जारी मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार बारिश के कारण यमुनोत्री पैदल मार्ग का एक हिस्सा धंस गया, जबकि हाईवे पर बोल्डर गिरने से दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। वहीं टिहरी जिले में नौ ग्रामीण संपर्क मार्ग बंद हो गए हैं और डोईवाला-भानियावाला क्षेत्र में जलभराव से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Heavy Rain Disrupts Life in Uttarakhand

देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण यमुना नदी का जलस्तर बढ़ गया। राम मंदिर के पास जानकीचट्टी-यमुनोत्री पैदल मार्ग का लगभग 30 मीटर हिस्सा धंस गया, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है। प्रशासन ने क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है और मार्ग को जल्द बहाल करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पाली गाड़ के पास यमुनोत्री हाईवे पर अचानक चट्टानी बोल्डर गिरने से यमुनोत्री से लौट रहे दो कांवड़ यात्री घायल हो गए। हादसे में कुछ अन्य यात्री बाल-बाल बच गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।

टिहरी में 9 ग्रामीण सड़कें बंद

टिहरी जिले में भारी बारिश के चलते मलबा और बोल्डर गिरने से नौ ग्रामीण संपर्क मोटर मार्ग बाधित हो गए हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी बृजेश भट्ट के अनुसार विभागीय टीमें सड़कों से मलबा हटाकर यातायात बहाल करने में जुटी हैं। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

प्रभावित मार्ग

रायपुर–कुमाल्डा–कद्दूखाल
घुत्तू–गंगी
गुल्लर–भगवासेरा
गुल्लर–नाई माथियाली
नरेंद्रनगर–रानीपोखरी
देवप्रयाग–गाजा–जाजल
लालपुल–भुत्सी
रानीचौरी–नकोट
दिवाड़ा–बांगोली–राजराजेश्वरी मंदिर मार्ग

डोईवाला और भानियावाला में जलभराव

जौलीग्रांट और डोईवाला क्षेत्र में भारी बारिश के कारण थानो वन रेंज का बरसाती खाला उफान पर आ गया। इसके चलते भानियावाला-ऋषिकेश राष्ट्रीय राजमार्ग पर मलबा जमा हो गया। नगर पालिका की टीम ने जेसीबी की मदद से पानी का बहाव मोड़ने का प्रयास किया। वहीं, देहरादून एयरपोर्ट के पास चोर पुलिया क्षेत्र में बरसाती नाले का पानी कई घरों में घुस गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि हर साल बारिश के दौरान उन्हें इसी तरह की परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस बार भी रातभर जागकर हालात पर नजर रखनी पड़ी।

प्रशासन अलर्ट, राहत कार्य जारी

प्रशासन और संबंधित विभाग लगातार प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य चला रहे हैं। बंद सड़कों को खोलने, मलबा हटाने और जलभराव वाले क्षेत्रों में स्थिति सामान्य करने के प्रयास जारी हैं। मौसम विभाग ने भी लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और प्रशासन द्वारा जारी एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है।