उत्तरकाशी: जनपद उत्तरकाशी से दुखद घटना सामने आ रही है, यहां खेत में काम कर रही महिला की विषैले सांप के काटने से मौत हो गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उन्होंने दम तोड़ दिया। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने प्रशासन से मुआवजे व बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की मांग की है।
Woman Dies of Snake Bite in Uttarkashi
जानकारी के अनुसार उत्तरकाशी जिले के नौगांव विकासखंड के बलाड़ी गांव की निवासी सुगंधरा देवी (58) शनिवार को अपने टमाटर के खेत में निराई-गुड़ाई का काम कर रही थीं। इसी दौरान खेत में छिपे एक विषैले सांप ने उनके हाथ पर काट लिया। सर्पदंश के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी, जिससे परिजनों में अफरातफरी मच गई। परिजन सुगंधरा देवी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नौगांव लेकर रवाना हुए, लेकिन दुर्भाग्यवश अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई। घटना की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों के अनुसार, सुगंधरा देवी के पति भरत सिंह, जो होमगार्ड विभाग में कार्यरत थे, लगभग छह महीने पहले हृदयगति रुकने के कारण चल बसे थे। पति की मृत्यु के बाद परिवार की जिम्मेदारी पूरी तरह सुगंधरा देवी के कंधों पर आ गई थी। अब उनकी असामयिक मौत से परिवार गहरे सदमे में है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
ग्रामीणों ने की आर्थिक सहायता की मांग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए राज्य सरकार और जिला प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। उनका कहना है कि प्राकृतिक और आकस्मिक घटनाओं से प्रभावित परिवारों को समय पर राहत मिलनी चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से क्षेत्र में सर्पदंश के प्रति जागरूकता अभियान चलाने और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में एंटी-स्नेक वेनम (Anti Snake Venom) उपलब्ध कराने की मांग की है। उनका मानना है कि समय पर इलाज की बेहतर व्यवस्था होने से भविष्य में ऐसी घटनाओं में जान बचाई जा सकती है।
वन विभाग ने बरसात में सावधानी बरतने की अपील की
वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बरसात के मौसम में सांप अधिक सक्रिय हो जाते हैं। ऐसे में खेतों, झाड़ियों और घास वाले इलाकों में काम करते समय विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। साथ ही लोगों से अपील की गई है कि सांप दिखाई देने पर उसे मारने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग को सूचना दें। यदि किसी व्यक्ति को सांप काट ले तो झाड़-फूंक या घरेलू उपचार पर भरोसा करने के बजाय बिना देरी किए निकटतम अस्पताल पहुंचाना ही सबसे सुरक्षित और प्रभावी उपाय है।