बागेश्वर: उत्तराखंड के लिए गर्व का एक और सुनहरा पल सामने आया है। बागेश्वर जिले के कपकोट तहसील स्थित सुमटी बैसानी गांव की बेटी प्रेमा रावत ने अपनी मेहनत, संघर्ष और शानदार प्रदर्शन के दम पर भारतीय महिला क्रिकेट टीम में जगह बनाकर इतिहास रच दिया है। उनका चयन आईसीसी महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए टीम इंडिया में किया गया है।
Bageshwar's Prema Rawat Joins Team India for ICC Women's T20 World Cup 2026
दरअसल, भारतीय महिला टीम की ऑफ स्पिनर श्रेयंका पाटिल के चोटिल होकर टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद प्रेमा रावत को बतौर प्रतिस्थापन खिलाड़ी टीम में शामिल किया गया। उनके चयन को आईसीसी की तकनीकी समिति से भी मंजूरी मिल चुकी है। उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्र से आने वाली प्रेमा रावत ने सीमित संसाधनों के बावजूद अपने सपनों को कभी छोटा नहीं होने दिया। कठिन परिस्थितियों में लगातार अभ्यास और मेहनत के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।
शानदार प्रदर्शन ने दिलाया वर्ल्ड कप टिकट
प्रेमा रावत दाएं हाथ की बल्लेबाज होने के साथ-साथ बेहतरीन लेग स्पिन गेंदबाज भी हैं। उन्होंने घरेलू क्रिकेट में उत्तराखंड महिला टीम के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया। साल 2023 के सीनियर महिला टी-20 टूर्नामेंट में उन्होंने केवल 10 मैचों में 16 विकेट लेकर चयनकर्ताओं का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। उनकी सटीक लेग स्पिन और उपयोगी बल्लेबाजी ने उन्हें भारतीय क्रिकेट की उभरती हुई प्रतिभाओं में शामिल कर दिया।
RCB, इंडिया-ए टीम से भी मिली पहचान
प्रेमा रावत का शानदार प्रदर्शन उन्हें महिला प्रीमियर लीग (WPL) तक भी ले गया, जहां वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से जुड़ीं। इसके बाद उन्हें भारत-ए महिला टीम में भी खेलने का अवसर मिला, जहां उन्होंने अपनी प्रभावशाली गेंदबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन से चयनकर्ताओं का भरोसा जीता।
बागेश्वर में जश्न का माहौल
जैसे ही प्रेमा रावत के टीम इंडिया में चयन की खबर बागेश्वर पहुंची, पूरे जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बागेश्वर की ओर से एसबीआई तिराहे पर आतिशबाजी की गई, मिठाइयां बांटी गईं और लोगों ने एक-दूसरे को बधाई देकर इस ऐतिहासिक उपलब्धि का जश्न मनाया।राज्य समीक्षा परिवार की ओर से प्रेमा रावत को महिला टी-20 विश्व कप 2026 के लिए भारतीय टीम में चयनित होने पर हार्दिक शुभकामनाएं। हमें विश्वास है कि वह अपने शानदार प्रदर्शन से उत्तराखंड और पूरे भारत का नाम विश्व मंच पर रोशन करेंगी। ये विडियो भी देखिये...