देहरादून: उत्तराखंड में इन दिनों मौसम लगातार रंग बदल रहा है। धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। सोमवार को भी कई जिलों में बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने मंगलवार के लिए भी राज्य के आठ जिलों में अंधड़, आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
ये भी पढ़ें:
Uttarakhand Weather Update 16 June 2026
राजधानी देहरादून में सुबह से तेज धूप खिली रही, जिससे लोगों को गर्मी का अहसास हुआ। हालांकि दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट बदली और आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में शहर के कई हिस्सों में तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद शाम के समय मौसम सुहावना हो गया। हालांकि देर शाम फिर से बादल छाने लगे और कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बौछारें दर्ज की गईं। इस दौरान कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चलीं। गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के पर्वतीय जिलों में भी मौसम सक्रिय बना रहा। उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और पिथौरागढ़ समेत कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी सूचना मिली है। मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा कर रहे लोगों और चारधाम यात्रियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार 16 जून मंगलवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, देहरादून, टिहरी, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में मौसम खराब रह सकता है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। मौसम विभाग का अनुमान है कि पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में बादलों की आवाजाही के बीच मौसम अपेक्षाकृत सामान्य रहेगा। बारिश के कारण फिलहाल प्रदेश में लू जैसी स्थिति नहीं बन रही है, जिससे लोगों को राहत मिली हुई है।
उत्तराखंड के प्रमुख शहरों का तापमान
बीते सोमवार को राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं ऊधम सिंह नगर के पंतनगर में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जबकि न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं नई टिहरी में अधिकतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बारिश से राहत, लेकिन सतर्क रहने की जरूरत
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि बारिश से गर्मी और उमस में राहत जरूर मिली है, लेकिन गर्जन, बिजली और तेज हवाओं की संभावना को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। विशेषकर पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन संभावित स्थानों और नदी-नालों के आसपास अतिरिक्त सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।