नैनीताल: उत्तराखंड के Nainital जिले के धारी विकासखंड स्थित दुदली गांव में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरी खाई में गिर गया। हादसे के समय वाहन में कुल 6 लोग सवार थे। दुर्घटना इतनी गंभीर थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Two people died in Nainital road accident
जानकारी के अनुसार धारी विकासखंड स्थित दुदली गांव में हुए इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान हरीश बेलवाल और लता शर्मा के रूप में हुई है। जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। सोमवार 27 अप्रैल को हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से खाई में गिरे सभी लोगों को बाहर निकाला गया। राहत और बचाव कार्य तेजी से चलाए गए, जिसके बाद सभी घायलों को सड़क तक लाकर अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों को हल्द्वानी किया गया रेफर
घायलों में नेहा बेलवाल, कमल शर्मा, सुभाष बेलवाल और दिनेश शर्मा शामिल हैं। सभी को पहले Padampuri के प्राथमिक सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए Haldwani के उच्च चिकित्सा केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि हरीश बेलवाल अपने बेटे सुभाष और बेटी नेहा के साथ बाजार से गांव लौट रहे थे। इसी दौरान वाहन बेकाबू होकर खाई में गिर गया। इस हादसे में जहां पिता की मौत हो गई, वहीं उनके दोनों बच्चे घायल हो गए। इस घटना ने पूरे परिवार को झकझोरकर रख दिया है।
.खराब सड़क बनी हादसे की वजह?
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र की सड़क लंबे समय से बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह गड्ढे होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की खराब हालत ही इस हादसे का मुख्य कारण हो सकती है। उन्होंने प्रशासन से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। साथ ही प्रशासन से भी उम्मीद की जा रही है कि वह सड़क की स्थिति सुधारने के लिए जल्द कदम उठाएगा, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।