हल्द्वानी: “सपने वो नहीं जो नींद में आते हैं, सपने वो हैं जो आपको सोने नहीं देते। कड़ी मेहनत और मजबूत इरादे हो तो हर मंज़िल आसान हो जाती है।” हल्द्वानी के गुरआशीष सिंह चड्ढा ने अपनी कड़ी मेहनत से JEE Main में राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर इस कथन को सही साबित किया है।
Gurashish Singh Chaddha Tops Uttarakhand in JEE Main
दरअसल, हल्द्वानी निवासी गुरआशीष सिंह चड्ढा ने इंजीनियरिंग की प्रतिष्ठित परीक्षा JEE Main में शानदार प्रदर्शन करते हुए उत्तराखंड में पहला स्थान हासिल किया है। उन्होंने 99.99 परसेंटाइल अंक प्राप्त किए हैं और राष्ट्रीय स्तर पर 112वीं रैंक हासिल की है। खास बात यह है कि उन्होंने यह उपलब्धि अपने पहले ही प्रयास में हासिल की है। गुरआशीष ने अपनी सफलता के पीछे कड़ी मेहनत और अनुशासन को सबसे बड़ा कारण बताया। उन्होंने बताया कि वे रोजाना 10 से 12 घंटे पढ़ाई करते थे और अपना पूरा ध्यान केवल पढ़ाई पर केंद्रित रखते थे। उन्होंने ऑनलाइन कोचिंग प्लेटफॉर्म का सहारा लिया, लेकिन इसके साथ-साथ स्वाध्याय (Self-study) पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाई में ध्यान भटकने की संभावना रहती है, लेकिन यदि एकाग्रता बनाए रखी जाए तो सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए मजबूत इच्छाशक्ति और अनुशासन बेहद जरूरी हैं। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
परिवार का मिला पूरा सहयोग
गुरआशीष ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और बहन को दिया है। उनके पिता गुरप्रीत सिंह चड्ढा, माता हरप्रीत कौर चड्ढा और बड़ी बहन गुनताशा ने हमेशा उनका हौसला बढ़ाया और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
अब JEE Advanced की तैयारी
गुरआशीष अब JEE Advanced की तैयारी में जुट गए हैं। उनका लक्ष्य अपनी कमजोरियों में सुधार करके और बेहतर प्रदर्शन करना है। वे IIT Delhi, IIT Bombay या IIT Madras से कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग करना चाहते हैं।
स्कूल में भी रहे टॉपर
गुरआशीष शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रहे हैं। उन्होंने हाईस्कूल में 99.2 प्रतिशत अंक हासिल कर स्कूल में टॉप किया था। उनकी पढ़ाई Aram The Global School से हुई है। उन्होंने हाल ही में इंटरमीडिएट की परीक्षा भी दी है और अब उसके परिणाम का इंतजार कर रहे हैं।
गुरआशीष की यह सफलता न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गर्व की बात है। उनकी मेहनत, अनुशासन और समर्पण उन सभी छात्रों के लिए प्रेरणा है, जो अपने जीवन में बड़े लक्ष्य हासिल करना चाहते हैं।