उत्तराखंड टिहरी गढ़वालSkeleton of elderly woman was found in Ghansali

Uttarakhand News: घनसाली में लापता बुजुर्ग महिला का कंकाल बरामद, वन्यजीव का शिकार होने की आशंका

घनसाली थाना क्षेत्र के सेम गांव से लापता बुजुर्ग महिला विक्र देवी का कंकाल गदेरे के पास झाड़ियों से बरामद हुआ है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

Ghansali missing woman case: Skeleton of elderly woman was found in Ghansali
Image: Skeleton of elderly woman was found in Ghansali (Source: Social Media)

टिहरी गढ़वाल: घनसाली थाना क्षेत्र के सेम गांव से लापता चल रही एक बुजुर्ग महिला का कंकाल गदेरे के पास झाड़ियों से बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। मौके से महिला के कपड़े और खोपड़ी के अवशेष मिलने के बाद पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी शिकारी वन्यजीव का शिकार हुई हो सकती है।

Skeleton of elderly woman was found in Ghansali

जानकारी के अनुसार रविवार को यानि आज पदोखा गांव के समीप गदेरे में झाड़ियों के बीच कुछ लोगों को कंकाल और कपड़े पड़े दिखाई दिए। इसकी सूचना तुरंत घनसाली पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने कंकाल के साथ मिले कपड़ों और अन्य अवशेषों को सुरक्षित कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने बताया कि मृतका की पहचान सेम गांव निवासी विक्र देवी (उम्र 67 वर्ष) के रूप में हुई है। वह बीते महीने 27 जनवरी से लापता चल रही थीं। कई दिनों तक घर न लौटने पर परिजनों ने 4 फरवरी को घनसाली थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पहले भी घर से गायब हुई थी महिला

घनसाली थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि विक्र देवी पहले भी कई बार घर से बिना बताए चली जाती थीं और कुछ समय बाद वापस लौट आती थीं। इसी कारण शुरुआत में परिजनों को अधिक चिंता नहीं हुई, लेकिन इस बार लंबे समय तक वापस न आने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस ने आसपास के जंगलों और ग्रामीण क्षेत्रों में महिला की तलाश की, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया। इसी बीच रविवार को गदेरे के पास झाड़ियों में कंकाल मिलने की सूचना से पूरे मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने झाड़ियों में मिले कपड़ों के आधार पर मृतका की पहचान विक्र देवी के रूप में की। इसके बाद पुलिस ने घटनास्थल पर पंचनामा भरकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

वन्यजीव हमले की आशंका

पुलिस का कहना है कि जिस स्थान से कंकाल मिला है, वह जंगल से सटा क्षेत्र है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि महिला किसी जंगली जानवर का शिकार हुई हो सकती है। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
बुजुर्ग महिला की मौत की खबर फैलते ही सेम गांव और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में वन्यजीवों की बढ़ती गतिविधियों पर भी चिंता जताई है।
घनसाली पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी तरह की लापरवाही या अन्य कारण सामने आते हैं तो उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।