नैनीताल: उत्तराखंड सरकार ने बीते रविवार को एक बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई वरिष्ठ आईएएस, आईएफएस और पीसीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। इस परिवर्तन में सचिव स्तर से लेकर जिलाधिकारी और अपर सचिव स्तर तक के अधिकारियों के विभाग पुनर्गठित किए गए हैं।
44 IAS and PCS officers transferred in Uttarakhand
नैनीताल की जिलाधिकारी वंदना सिंह को उनके वर्तमान दायित्वों से मुक्त कर दिया गया है। अब उन्हें कृषि एवं उद्यान विभाग की महानिदेशक (Director General) तथा योजना विभाग की अतिरिक्त सचिव की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनकी जगह ललित मोहन रियाल को नैनीताल का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। रियाल इससे पहले मुख्यमंत्री के अतिरिक्त सचिव सहित अन्य महत्वपूर्ण पदों पर कार्यरत थे।
अल्मोड़ा के डीएम आलोक कुमार पांडेय को भी उनके वर्तमान दायित्वों से मुक्त कर सूचना प्रौद्योगिकी विभाग में अतिरिक्त सचिव तथा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGSY) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के रूप में नियुक्त किया गया है। आलोक कुमार पांडेय की जगह रुड़की विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अंशुल सिंह को अल्मोड़ा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी को उनके वर्तमान पद से हटाकर नगर विकास विभाग में अतिरिक्त सचिव के रूप में तैनात किया गया है। उनकी जगह आशीष कुमार भटगांई को नया डीएम बनाया गया है। भटगई अब तक बागेश्वर के जिलाधिकारी के रूप में कार्य कर रहे थे। वहीं, बागेश्वर की नई जिलाधिकारी के रूप में अकांक्षा कोंडे की नियुक्ति की गई है, जो कि इससे पहले हरिद्वार की मुख्य विकास अधिकारी (CDO) के पद पर कार्यरत थीं। आईएएस संदीप तिवारी को डीएम चमोली के पद से हटाकर समाज कल्याण विभाग का निदेशक बनाया है। अपर सचिव शहरी विकास गौरव कुमार को डीएम चमोली की जिम्मेदारी दी गई है।
वरिष्ठ सचिव स्तर पर बदलाव
सचिव दिलीप जवालकर को ग्रामीण विकास विभाग, ग्रामीण निर्माण विभाग, और मुख्य परियोजना निदेशक – ग्रामीण विकास समिति – ग्रामीण उद्यम तीव्रता परियोजना की जिम्मेदारियों से मुक्त किया गया है। हालाँकि, वे आगे भी वित्त, निर्वाचन, जल संसाधन विभाग के सचिव तथा लेखा निदेशक (Director, Audit) के पद पर बने रहेंगे। सचिव पशुपालन, मत्स्य, दुग्ध विकास, सहकारिता एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. वी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम से मत्स्य निदेशक का अतिरिक्त प्रभार वापस लिया गया है। सचिव चंद्रेश कुमार यादव से पंचायतीराज और खाद्य आयुक्त का कार्यभार हटा दिया गया है। अब उनके पास केवल महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की जिम्मेदारी रहेगी। सचिव रणवीर सिंह चौहान से महानिदेशक कृषि एवं उद्यान विभाग का पदभार हटाकर उन्हें आयुक्त, खाद्य विभाग की जिम्मेदारी दी गई है।
सचिव पर्यटन एवं धर्मस्व धीराज सिंह गर्ब्याल को ग्राम्य विकास, ग्रामीण निर्माण, सीपीडी और यूजीवीएस का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। आईएफएस डॉ. पराग मधुकर धकाते को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ विशेष सचिव, पंचायतीराज विभाग का कार्यभार भी दिया गया है। आईएएस विजय कुमार जोगदंडे को उनके मौजूदा पदों के साथ अपर सचिव, राजस्व विभाग का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है।
आईएएस विनीत कुमार से वन विभाग का प्रभार हटा दिया गया है और अब उन्हें अपर सचिव, श्रम विभाग के रूप में तैनात किया गया है। अपर सचिव हिमांशु खुराना को उनके वर्तमान विभागों के साथ-साथ वन विभाग की जिम्मेदारी भी दी गई है। अपर सचिव अनुराधा पाल से चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग का कार्यभार हटा लिया गया है। आईएएस आलोक कुमार पांडे को डीएम अल्मोड़ा पद से मुक्त कर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ), प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना (PMGYS), सूचना प्रौद्योगिकी विभाग और निदेशक आईटीडीए बनाया गया है। आईएएस विनोद गिरी गोस्वामी, जो पहले डीएम पिथौरागढ़ थे, को अब अपर सचिव एवं निदेशक, शहरी विकास विभाग के पद पर भेजा गया है। अपर सचिव प्रकाश चंद्र से समाज कल्याण विभाग और प्रबंध निदेशक, बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम का कार्यभार हटाकर उन्हें आयुक्त, दिव्यांगजन सशक्तीकरण नियुक्त किया गया है। आईएएस दीप्ति सिंह से निदेशक उद्यान का अतिरिक्त प्रभार हटा दिया गया है।
पीसीएस अधिकारियों के तबादले
पीसीएस गिरधारी सिंह रावत को सचिव, लोक सेवा आयोग पद से मुक्त कर अपर सचिव, कार्मिक एवं सतर्कता विभाग के पद पर तैनात किया गया है। निदेशक समाज कल्याण चंद्र सिंह धर्मशक्तू को निदेशक मत्स्य विभाग का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। अपर सचिव मायावती ढकरियाल को भाषा निदेशक का अतिरिक्त दायित्व दिया गया है, जबकि अपर सचिव संतोष बडोनी को निदेशक, सचिवालय प्रशिक्षण संस्थान बनाया गया है। सुनील सिंह, जो बाध्य प्रतीक्षा में थे, उन्हें अपर सचिव राजस्व और सचिवालय प्रशासन का कार्यभार दिया गया है। अपर निदेशक शहरी विकास ललित नारायण मिश्र को मुख्य विकास अधिकारी, हरिद्वार के पद पर तैनात किया गया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक अशोक कुमार पांडे को अब सचिव, आयोग बनाया गया है। मुख्य विकास अधिकारी उत्तरकाशी सुंदरलाल सेमवाल को निदेशक, उद्यान विभाग नियुक्त किया गया है। पीसीएस चंद्र सिंह मर्तोलिया को अपर जिलाधिकारी, अल्मोड़ा से हटाकर संभागीय खाद्य नियंत्रक, कुमाऊं के पद पर भेजा गया है।
अन्य प्रशासनिक नियुक्तियाँ
अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) देहरादून जय भारत सिंह को मुख्य विकास अधिकारी, उत्तरकाशी बनाया गया है। पीसीएस रजा अब्बास से अपर नगर आयुक्त, नगर निगम देहरादून का कार्यभार वापस ले लिया गया है। एडीएम चंपावत जयबर्द्धन शर्मा को लोक सेवा आयोग में परीक्षा नियंत्रक नियुक्त किया गया है। युक्ता मिश्र को एडीएम अल्मोड़ा, जबकि कृष्ण नाथ गोस्वामी को एडीएम चंपावत के रूप में तैनाती दी गई है।
पीसीएस नरेश चंद्र दुर्गापाल को चकबंदी उत्तराखंड में संयुक्त संचालक के पद पर तैनात किया गया है। ऋचा सिंह को , ऊधमसिंह नगर का डिप्टी कलेक्टरके पद पर तैनात किया गया है। सोनिया पंत को उप निदेशक, शहरी विकास निदेशालय के पद पर तैनात किया गया है। सोहन सिंह को रुद्रप्रयाग का डिप्टी कलेक्टर बनाया के पद पर तैनात किया गया है। परितोष वर्मा को नगर निगम हल्द्वानी का नगर आयुक्त के पद पर तैनात किया गया है। चतर सिंह को पौड़ी गढ़वाल का डिप्टी कलेक्टर के पद पर तैनात किया गया है। अनिल कुमार चन्याल को बागेश्वर जिले के डिप्टी कलेक्टर के पद पर तैनात किया गया है।