दुखद: पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज का निधन, देश में शोक की लहर
अपनी मौत से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने पर बधाई दी थी।
Aadisha
Aug 6 2019 11:50PM
राष्ट्रीय
12594
पूर्व विदेश मंत्री और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री सुषमा स्वराज का मंगलवार को 67 साल की उम्र में निधन हो गया। दिल का दौरा पड़ने के बाद रात करीब सवा 10 बजे उन्हें दिल्ली स्थित ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) में भर्ती कराया गया था। अपने कार्यकाल के दौरान सोशल मीडिया पर शिकायतों को सुनने और उनके निपटारे के लिए काफी लोकप्रिय रहीं सुषमा अपनी जिंदगी के आखिरी दिन भी सोशल मीडिया पर सक्रिय रहीं।अपनी मौत से कुछ घंटे पहले ही उन्होंने ट्वीट कर प्रधानमंत्री मोदी को जम्मू-कश्मीर का विशेष दर्जा खत्म किए जाने पर बधाई दी थी। उन्होंने अपने आखिरी ट्वीट में लिखा, 'प्रधानमंत्री जी- आपका हार्दिक अभिनन्दन। मैं अपने जीवन में इस दिन को देखने की प्रतीक्षा कर रही थी।' संयोग देखिए कि इस ट्वीट के कुछ घंटे बाद ही उनके निधन की खबर आई। प्रखर वक्ता और विदुषी के रूप में पहचान बनाने वाली सुषमा स्वराज मोदी सरकार के पहले कार्यकाल में विदेश मंत्री थीं। वह अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में भी मंत्री रही थीं। उससे भी पहले 1977 में केंद्रीय मंत्री बनी थीं और सबसे कम उम्र की कैबिनेट मंत्री का रिकॉर्ड बनाया था। 16वीं लोकसभा में वह मध्य प्रदेश के विदिशा से सांसद चुनी गई थीं। इस बार उन्होंने खराब स्वास्थ्य की वजह से चुनाव नहीं लड़ने का फैसला किया था। विदेश मंत्री रहते हुए वह सोशल मीडिया पर शिकायतों को सुनने और उनके निपटारे के लिए काफी लोकप्रिय थीं। वो दिल्ली की पहली महिला मुख्यमंत्री थीं।