उत्तराखंड देहरादूनDoon Club Restaurant Fails Food Safety Inspection

देहरादून: दून क्लब के रेस्टोरेंट में छापेमारी, सड़ी सब्जियां और चूहों-कॉकरोच का आतंक.. नोटिस जारी

देहरादून के दून क्लब स्थित रेस्टोरेंट के औचक निरीक्षण में सड़ी सब्जियां, कई दिन पुराना खाना और रसोई में चूहे-कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है। टीम ने खराब खाद्य सामग्री नष्ट कराई और पनीर, दूध व चिकन करी के नमूने जांच के लिए भेजे हैं।

Doon Club Restaurant Inspection: Doon Club Restaurant Fails Food Safety Inspection
Image: Doon Club Restaurant Fails Food Safety Inspection (Source: Social Media)

देहरादून: देहरादून के प्रतिष्ठित दून क्लब स्थित रेस्टोरेंट में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़ी गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं। राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के दिशा-निर्देश पर मंगलवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी तथा खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण किया। टीम ने रसोईघर, फ्रीजर, खाद्य सामग्री रखने के स्थान, बर्तन धोने के क्षेत्र और स्टोर रूम की जांच की। इस दौरान कई जगह स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन नहीं होता मिला।

Doon Club Restaurant Fails Food Safety Inspection

निरीक्षण के दौरान फ्रीजर में फूलगोभी, मूली, शिमला मिर्च, पत्तागोभी और आलू समेत कई सब्जियां सड़ी-गली अवस्था में मिलीं। इसके अलावा लगभग दो दिन पुराने चावल, दो से तीन दिन पहले गूंथा गया आटा और करीब एक सप्ताह पुरानी मोमोज व चाउमीन बनाने की सामग्री भी पाई गई। खाद्य पदार्थ खुले बर्तनों में रखे हुए थे। इससे रेस्टोरेंट में खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं।

रसोई और मसालों की अलमारी में मिले चूहे-कॉकरोच

टीम को रसोईघर और मसाले रखने वाली अलमारी में कॉकरोच और चूहों की मौजूदगी मिली। मसालों की कई थैलियां चूहों ने कुतर रखी थीं। स्टोर रूम में भी चूहों के होने के संकेत मिले। इसके अलावा बर्तन धोने वाले स्थान पर काफी गंदगी और कई दिनों के जूठे बर्तन पाए गए। नालियां जाम थीं और ड्रेनेज सिस्टम भी खराब मिला।

जांच रिपोर्ट और मेडिकल रिकॉर्ड नहीं मिले

निरीक्षण के दौरान रेस्टोरेंट प्रबंधन कर्मचारियों की मेडिकल फिटनेस से जुड़े रिकॉर्ड, पेस्ट कंट्रोल कराने के प्रमाण और इस्तेमाल किए जा रहे पानी की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं कर सका। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता से जुड़े इन दस्तावेजों का उपलब्ध नहीं होना भी निरीक्षण में सामने आई कमियों में शामिल रहा।

पांच किलो चावल और 15 किलो सब्जियां कराई गईं नष्ट

जांच के दौरान टीम ने मौके पर खराब और बासी खाद्य सामग्री नष्ट कराई। इसमें पांच किलोग्राम बासी चावल, 15 किलोग्राम सब्जियां, दो किलोग्राम मोमोज और बासी चिकन करी शामिल हैं। इसके अलावा रेस्टोरेंट से पनीर, दूध और डीप फ्रीजर में रखी तैयार चिकन करी के नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों को जांच के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में लापरवाही पर चिंता

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने निरीक्षण में मिली अनियमितताओं को चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि दून क्लब जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में विशिष्ट और अति विशिष्ट व्यक्तियों सहित कई गणमान्य अतिथियों का आवागमन रहता है। ऐसे में भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करना जरूरी है।

रेस्टोरेंट को 14 दिन का नोटिस, दोबारा होगा निरीक्षण

निरीक्षण के बाद रेस्टोरेंट संचालक को नोटिस दिया गया है। इसके तहत परिसर की सफाई, खराब खाद्य सामग्री का उचित निस्तारण, पेस्ट कंट्रोल, नालियों की मरम्मत और पेयजल की जांच सहित सभी कमियों को दूर करना होगा। 14 दिन बाद दोबारा निरीक्षण कर सुधारों का सत्यापन किया जाएगा। यदि कमियां दूर नहीं की गईं, तो लाइसेंस निलंबित करने समेत अन्य वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है। खाद्य नमूनों की जांच रिपोर्ट भी आगे की कार्रवाई में महत्वपूर्ण होगी।