देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शुक्रवार रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। पटेल नगर क्षेत्र में चेकिंग के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान अंकित चौहान, निवासी लक्सर, हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है।
Contract killer shot in the leg during police encounter
पुलिस के अनुसार बीते 8 सितम्बर को एक महिला ने पटेल नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपने फुफेरे भाई के साथ स्कूटी से घर जा रही थी। इसी दौरान वी-मार्ट चौक से आगे बड़ोवाला की तरफ पेट्रोल पंप से करीब 200 मीटर आगे पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के आगे बाइक लगाई और जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। गोली लगने से महिला का भाई गंभीर रूप से घायल हो गया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
CCTV फुटेज से पुलिस को मिला सुराग
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पटेल नगर कोतवाली की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसी दौरान पुलिस को शुक्रवार रात सूचना मिली कि बड़ोवाला फायरिंग कांड को अंजाम देने वाले दोनों आरोपी किसी अन्य वारदात को अंजाम देने के लिए देहरादून लौटे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने पटेल नगर क्षेत्र में सघन चेकिंग शुरू कर दी।
गोरखपुर चौक पर पुलिस ने रोकी संदिग्ध बाइक
चेकिंग के दौरान गोरखपुर चौक पर पुलिस टीम ने बिना नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखकर दोनों बाइक तेजी से भगाते हुए प्रेमनगर रोड की तरफ निकल गए। पुलिस ने पीछा किया तो दोनों ने चाय बागान की पगडंडी पर मोटरसाइकिल छोड़ दी और जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश घायल
पुलिस टीम ने जब दोनों का पीछा किया तो आरोपियों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार आत्मरक्षा में की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी। दूसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर फरार हो गया। पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल पहुंचाया। मौके से पुलिस ने तमंचा, जिंदा और खोखा कारतूस तथा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
पूछताछ में सामने आई ₹5 लाख की सुपारी
पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी अंकित चौहान ने पूछताछ में बताया कि उसने अपने साथी अंकुर के साथ मिलकर बड़ोवाला क्षेत्र में एक बैंक कर्मचारी को जान से मारने की सुपारी ली थी। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
आरोपी के अनुसार इस काम के बदले उसे ₹5 लाख देने का सौदा हुआ था। वारदात से पहले उसे कथित तौर पर ₹1.20 लाख एडवांस भी दिए गए थे। बाकी रकम हत्या के बाद देने की बात कही गई थी। पुलिस के अनुसार महिला ने ही आरोपी को कथित लक्ष्य की तस्वीर दी थी और देहरादून स्थित बैंक कार्यालय भी दिखाया था।
शादी का झांसा देने का आरोप
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि कुछ समय पहले उसकी मुलाकात हरिद्वार के रानीपुर निवासी मोहित से हुई थी। मोहित ने उसकी पहचान एक महिला से कराई थी, जो एक निजी बैंक में काम करती थी। आरोपी के अनुसार महिला ने बताया कि वर्ष 2020 में हरिद्वार के एक बैंक में काम करने के दौरान उसकी मुलाकात बिजनौर निवासी सत्यम कुमार से हुई थी। महिला का आरोप था कि सत्यम करीब चार-पांच साल तक उसे शादी का भरोसा देता रहा, लेकिन बाद में उसने किसी दूसरी लड़की से सगाई कर ली। इसके बाद कथित तौर पर सत्यम को रास्ते से हटाने के लिए हत्या की सुपारी दी गई।
वारदात के बाद दिल्ली और हरियाणा भाग गए थे आरोपी
एसपी सिटी प्रमोद कुमार के अनुसार 8 सितंबर को आरोपी अपने साथी अंकुर के साथ देहरादून आया था। दोनों शाम के समय उज्जीवन बैंक के बाहर सत्यम के बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। करीब 7:45 बजे सत्यम के बैंक से निकलने के बाद आरोपियों ने बाइक से उसका पीछा किया। शिमला बाईपास रोड पर बड़ोवाला के एक सुनसान स्थान पर उन्होंने उसकी स्कूटी के आगे बाइक लगाकर कथित तौर पर उस पर फायर कर दिया। गोली लगने से सत्यम घायल हो गया। गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचने लगे, जिसके बाद दोनों आरोपी वहां से फरार हो गए। वारदात के बाद पुलिस से बचने के लिए दोनों पहले दिल्ली और फिर हरियाणा चले गए थे।
बची रकम लेने देहरादून लौटे और पुलिस से भिड़ गए
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार रात दोनों आरोपी मोहित के कहने पर कथित तौर पर बची हुई रकम लेने के लिए वापस देहरादून आए थे। इसी दौरान पुलिस चेकिंग में दोनों फंस गए। पकड़े जाने के डर से उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में अंकित चौहान के पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी अंकुर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश में सघन चेकिंग और कॉम्बिंग अभियान चला रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।