देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इन दिनों लगातार बदलता नजर आ रहा है। पहाड़ी इलाकों में रुक-रुककर बारिश और बौछारों का दौर जारी है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में चटख धूप निकलने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है।
Uttarakhand Weather Update 12 September 2026
मौसम विभाग के अनुसार इन दिनों प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। दिन के समय तेज धूप और उमस से लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि शाम या रात के समय बारिश होने पर तापमान में कुछ राहत मिल रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में धूप, उमस और बारिश का यह मिला-जुला दौर जारी रह सकता है।
मौसम का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को उत्तराखंड के सभी जिलों में अनेक स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा या गरज के साथ बौछार पड़ने की संभावना है। वहीं, देहरादून, टिहरी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और उत्तरकाशी जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है। इन पाँचो जिलों में भारी बारिश की आशंका को देखते हुए पांच जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के साथ मौसम विभाग ने गरज और आकाशीय बिजली चमकने की भी चेतावनी जारी की है। प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की आशंका जताई गई है।ऐसे में लोगों को खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
दिन में गर्मी, शाम को बारिश से राहत
उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में जहां दिन के समय तेज धूप और उमस परेशान कर रही है, वहीं शाम या रात में बारिश होने से तापमान में राहत मिल रही है। देहरादून में शुक्रवार को भी कुछ ऐसा ही मौसम देखने को मिला। दिनभर तेज धूप के बाद शाम को अचानक बादल घिरे और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बाद मौसम में ठंडक घुल गई।
मौसम खराब होने पर रहें सतर्क
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर आकाशीय बिजली के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की जरूरत है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के दौरान यात्रा करने वाले लोगों को भी मौसम की स्थिति और स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का ध्यान रखने की सलाह दी गई है।