उत्तराखंड हल्द्वानीBJP Gears Up for 2027 Uttarakhand Elections

उत्तराखंड: 2027 चुनाव में BJP रचेगी इतिहास? खास बैठक में CM धामी, राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित पहुंचे बड़े नेता

Uttarakhand News: हल्द्वानी में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन हुआ। नितिन नवीन की मौजूदगी में दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित हुए।

Uttarakhand BJP: BJP Gears Up for 2027 Uttarakhand Elections
Image: BJP Gears Up for 2027 Uttarakhand Elections (Source: Social Media)

हल्द्वानी: हल्द्वानी में भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक आज आयोजित हो रही है। बैठक की शुरुआत से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, सरकार के मंत्री, प्रदेश पदाधिकारी, सभी जिलों के अध्यक्ष-महामंत्री और मोर्चा-प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

BJP Gears Up for 2027 Uttarakhand Elections

दोपहर करीब तीन बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी हल्द्वानी पहुंचे। इस दौरान उन्हें बाबा नीम करौली महाराज की तस्वीर भेंट कर स्वागत किया गया। नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। नैनीताल भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने इसे कार्यकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया। उन्होंने कहा कि युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष को देखने और सुनने को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है। उनके दौरे से पूरे प्रदेश में नई ऊर्जा का संचार हुआ है।

कार्यसमिति में दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित

भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में आज दो राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए गए। पहले प्रस्ताव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 साल के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के कार्यकाल पर चर्चा की गई। प्रस्ताव के माध्यम से उनकी उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए आभार जताया गया। दूसरे राजनीतिक प्रस्ताव में हल्द्वानी शुद्धिकरण मामले पर कांग्रेस के रुख की निंदा की गई। पार्टी ने स्पष्ट किया कि आगामी चुनाव में विकास, विरासत और संरक्षण को प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा। साथ ही भाजपा नेताओं ने कांग्रेस का राजनीतिक विरोध जनता के बीच मजबूती से करने का संकल्प जताया।

'विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत' का संकल्प

प्रदेश कार्यसमिति में 'विकसित उत्तराखंड से विकसित भारत' का संकल्प भी रखा गया। केंद्रीय राज्यमंत्री अजय टम्टा ने यह प्रस्ताव प्रस्तुत किया। भाजपा का फोकस उत्तराखंड के विकास को केंद्र की विकास योजनाओं से जोड़ते हुए आगामी चुनाव में विकास के मुद्दे को प्रमुखता देने पर है।

2027 के लिए मंत्रियों और विधायकों का रिपोर्ट कार्ड तैयार होगा?

भाजपा की यह दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति सिर्फ संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं मानी जा रही है। 2027 विधानसभा चुनाव को देखते हुए इसे मंत्रियों और विधायकों के प्रदर्शन के आकलन के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, चुनावी तैयारियों में जमीनी संगठन की रिपोर्ट को अहम माना जा सकता है। इसमें विधानसभा क्षेत्र में विधायक की सक्रियता, जनता और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, बूथ समितियों की स्थिति और मंडल स्तर पर संगठन की मजबूती जैसे बिंदुओं पर फीडबैक लिया जाएगा। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

भाजपा के भीतर आगामी चुनाव को लेकर संगठन की स्थिति का भी आकलन किया जा रहा है। संभावित समीक्षा में कई बिंदुओं को शामिल किया जा सकता है। इनमें विधानसभा क्षेत्र में विधायक की सक्रियता, जनता और कार्यकर्ताओं के साथ संवाद, बूथ समितियों की मजबूती, कमजोर बूथों की पहचान, मंडल स्तर पर संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं के बीच समन्वय और सरकार की योजनाओं का जमीनी स्तर तक पहुंचना जैसे मुद्दे शामिल हैं।

मजबूत रिपोर्ट वाले चेहरों पर फिर भरोसा?

राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि जिन मौजूदा विधायकों और मंत्रियों की जमीनी रिपोर्ट मजबूत होगी, पार्टी आगामी चुनाव में उन पर दोबारा भरोसा कर सकती है। वहीं कमजोर फीडबैक वाले क्षेत्रों में नए चेहरों और सामाजिक एवं राजनीतिक समीकरणों को लेकर पार्टी के भीतर मंथन की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, भाजपा की ओर से टिकट बदलने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बूथ तक तैयार है रणनीति

प्रदेश कार्यसमिति को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन में दूसरी बार काम करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति में 2027 के विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए दो महत्वपूर्ण राजनीतिक प्रस्ताव पारित किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि पार्टी की बूथ स्तर तक रणनीति तैयार है। महेंद्र भट्ट ने निकाय चुनाव में 11 नगर निगमों और सहकारिता के छह जिलों में भाजपा की जीत का भी उल्लेख किया और कहा कि 2027 में पार्टी पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

अनिल बलूनी बोले- उत्तराखंड में इतिहास रचना है

भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड में पार्टी को इतिहास रचना है और तीसरा चुनाव पूरी मजबूती से जीतना है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार ने ऐसा कोई काम नहीं किया है जिससे जनता नाराज हो। विकास कार्यों का उदाहरण देते हुए बलूनी ने कहा कि राज्य बनने के बाद दिल्ली से देहरादून का सफर सात घंटे से घटकर करीब ढाई घंटे रह गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी और उत्तराखंड के लिए स्वर्णिम काल लाने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ेगी।

शाम को प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के हल्द्वानी दौरे के दौरान संगठन की कई महत्वपूर्ण बैठकें भी प्रस्तावित हैं। शाम 5 बजे प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक होगी, जबकि शाम 7 बजे कोर कमेटी की बैठक में नितिन नवीन शामिल होंगे। इन बैठकों में संगठन को आगामी विधानसभा चुनाव के लिए और मजबूत करने तथा जमीनी स्तर पर पार्टी की तैयारियों को धार देने पर चर्चा होने की संभावना है।