उत्तराखंड रामनगर18-Year-Old Girl Found Dead in Kashipur Murder Suspected

उत्तराखंड: मॉडलिंग का झांसा, रात में युवक के साथ गई 18 वर्षीय छात्रा.. सुबह सड़क किनारे मिला शव

ऊधम सिंह नगर जिले में रामनगर रोड के किनारे 18 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका की मां ने एक युवक पर बेटी को मॉडलिंग में करियर बनाने का झांसा देकर अपने संपर्क में रखने और फिर हत्या करने का आरोप लगाया है।

Kashipur Murder Case: 18-Year-Old Girl Found Dead in Kashipur Murder Suspected
Image: 18-Year-Old Girl Found Dead in Kashipur Murder Suspected (Source: Social Media)

रामनगर: ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर में रामनगर रोड के किनारे 18 वर्षीय छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। प्रथमदृष्टया पुलिस हत्या की आशंका जता रही है। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। मृतका की मां ने एक युवक पर बेटी को मॉडलिंग में करियर बनाने का झांसा देकर अपने संपर्क में रखने का आरोप लगाया है।

18-Year-Old Girl Found Dead in Kashipur, Murder Suspected

मामला काशीपुर के रामनगर रोड का है। राहगीरों ने सड़क किनारे एक युवती का शव पड़ा देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए जांच शुरू की। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद युवती की मौत की वास्तविक वजह और शरीर पर चोटों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

इसी साल हाईस्कूल पास किया था

मृतका की उम्र करीब 18 वर्ष बताई जा रही है। उसका परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और परिजनों के अनुसार परिवार पिछले करीब 22 वर्षों से काशीपुर में रह रहा है। मृतका ने इसी साल हाईस्कूल की परीक्षा पास की थी। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।

मॉडलिंग का झांसा देने वाले युवक पर मां ने लगाया आरोप

मृतका की मां ने पुलिस को बताया कि करीब छह महीने पहले उनकी बेटी रमपुरा निवासी एक व्यक्ति के संपर्क में आई थी। आरोप है कि युवक ने उनकी बेटी को मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाने का झांसा दिया था। मां के अनुसार, इसी युवक को लेकर उनकी बेटी से अक्सर विवाद भी होता था। आरोप है कि युवक उनकी बेटी से कहता था कि परिवार उसके भविष्य के बारे में अच्छा नहीं सोचता और वह उसे मॉडलिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ाएगा। हालांकि, पुलिस ने अभी इन आरोपों की पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

जन्मदिन पर भी हुआ था विवाद

परिजनों के अनुसार, पांच जुलाई को मृतका का जन्मदिन था। इसी दौरान उक्त युवक को लेकर घर में विवाद हुआ था। मृतका की मां ने यह भी बताया कि उनकी बेटी को देर रात एक युवक अपने साथ लेकर गया था, जिसे कथित तौर पर उसका प्रेमी बताया जा रहा है। इसके बाद दोनों कहां गए और रात में क्या हुआ, यह फिलहाल जांच का विषय है। पुलिस इसी घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है।

पुलिस को हत्या की आशंका

एसपी काशीपुर स्वपन किशोर सिंह के अनुसार, एक राहगीर ने पुलिस को सड़क किनारे युवती का शव पड़े होने की सूचना दी थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच की। प्रारंभिक जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देने के बाद उनकी तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

युवक से जुड़े तथ्यों की पुलिस कर रही पुष्टि

एसपी ने बताया कि मृतका की मां ने एक कथित प्रेमी के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी पुलिस को दी है। पुलिस इन तथ्यों की पुष्टि कर रही है। जांच में यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि मृतका और उक्त युवक रात में कहां गए थे और इसके बाद उनके साथ क्या घटनाक्रम हुआ। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के साथ सीसीटीवी फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट और परिजनों से मिली जानकारी को आधार बनाकर जांच आगे बढ़ा रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत के कारणों को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है। पुलिस का कहना है कि मामले के सभी संभावित पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।