देहरादून: उत्तराखंड सरकार राज्य के अधिक से अधिक युवाओं को राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) से जोड़ने और सीमांत एवं दुर्गम क्षेत्रों तक इसकी पहुंच बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एनसीसी के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स से मुलाकात के दौरान एनसीसी के विस्तार और आधुनिक प्रशिक्षण ढांचे के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
Uttarakhand to Expand NCC in Border Areas
मुख्यमंत्री आवास में हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान उत्तराखंड में एनसीसी के विस्तार, सीमावर्ती और दूरस्थ क्षेत्रों में नई इकाइयों की स्थापना, आधुनिक प्रशिक्षण सुविधाओं के विकास और प्रस्तावित NCC अकादमी की स्थापना सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। एनसीसी महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल वीरेंद्र वत्स ने राज्य के अधिकाधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए नई एनसीसी इकाइयों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने प्रशिक्षण अवसंरचना को मजबूत बनाने और भविष्य की योजनाओं की रूपरेखा भी मुख्यमंत्री के समक्ष प्रस्तुत की। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार सीमांत और दुर्गम क्षेत्रों के युवाओं को भी एनसीसी से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि सरकार एनसीसी के विस्तार और आधारभूत संरचना के विकास से जुड़ी सभी योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन में पूरा सहयोग करेगी।
युवाओं के व्यक्तित्व विकास पर रहेगा जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं में राष्ट्रभक्ति, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और सेवा भाव विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उनके अनुसार, एनसीसी ऐसा प्रतिष्ठित संगठन है जो युवाओं में राष्ट्रीय चरित्र, आत्मविश्वास, सामाजिक उत्तरदायित्व और नेतृत्व कौशल विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्तावित परियोजनाओं के पूरा होने से उत्तराखंड के युवाओं को व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व प्रशिक्षण और राष्ट्र सेवा के अधिक अवसर मिलेंगे, जिससे राज्य में युवाओं की भागीदारी और क्षमता दोनों मजबूत होंगी।