पिथौरागढ़: उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में एक 31 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई है। युवक अपने दो दोस्तों के साथ एक स्विमिंग पूल में नहाने गया था, जहां वह कुछ देर बाद पानी में अचेत अवस्था में मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जांच में मौत की वजह डूबना मानी जा रही है, लेकिन परिजनों ने घटना पर सवाल उठाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Man drowns in swimming pool in Pithoragarh
जानकारी के अनुसार, बेरीनाग तहसील के चौकोड़ी निवासी गिरीश राम (31) वर्तमान में ऐंचोली में रहते थे और टैक्सी चालक के रूप में कार्य करते थे। बीते दिन वह अपने दो दोस्तों के साथ अड़किनी स्थित बुडलगांव के स्विमिंग पूल में नहाने गए थे। बताया गया कि तीनों पानी में थे, लेकिन कुछ समय बाद गिरीश काफी देर तक बाहर नहीं आए। चूंकि वह तैराकी जानते थे, इसलिए साथियों को लगा कि वह पानी के अंदर गोता लगा रहे होंगे। काफी देर तक बाहर नहीं आने पर दोस्तों ने पानी में तलाश की और उन्हें अचेत अवस्था में बाहर निकाला।
अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी मौत
साथी तत्काल गिरीश को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। कोतवाल ललित मोहन जोशी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला स्विमिंग पूल में डूबने से हुई मौत का प्रतीत हो रहा है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट सहित अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शादी के महज 9 दिन बाद उजड़ गया परिवार
गिरीश राम का विवाह 7 जुलाई को पिथौरागढ़ के इग्यारदेवी क्षेत्र में हुआ था। शादी को अभी नौ दिन ही हुए थे। परिजनों के अनुसार, वह घर से यह कहकर निकले थे कि थोड़ी देर में लौट आएंगे, लेकिन शाम को उनकी मौत की सूचना पहुंची। इस दुखद खबर के बाद परिवार में कोहराम मच गया। पत्नी गहरे सदमे में है और पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजनों ने जताया संदेह, निष्पक्ष जांच की मांग
मृतक के दादा और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शेर राम ने कहा कि गिरीश तैराकी में दक्ष था, इसलिए केवल डूबने से उसकी मौत होने की बात पर उन्हें संदेह है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और सभी परिस्थितियों की गहराई से पड़ताल करने की मांग की है। वहीं चौकोड़ी के ग्राम प्रधान मनोज सानी ने भी घटना की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के संबंध में अंतिम निष्कर्ष सामने आएगा।