उत्तराखंड टिहरी गढ़वालBuilding collapses due to Landslide Near Surkanda Tehri Garhwal

टिहरी में भूस्खलन का कहर: सुरकंडा के पास ताश के पत्तों की तरह ढहा मकान, कई रेस्टोरेंट खतरे की जद में

उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल जिले में लगातार बारिश के बीच सुरकंडा के पास कद्दूखाल में भूस्खलन से एक पुराना भवन ढह गया। दो रेस्टोरेंट और आसपास की दुकानें भी खतरे की जद में आ गईं। प्रशासन ने क्षेत्र खाली कराकर जांच शुरू कर दी है।

Uttarakhand Landslide: Building collapses due to Landslide Near Surkanda Tehri Garhwal
Image: Building collapses due to Landslide Near Surkanda Tehri Garhwal (Source: Social Media)

टिहरी गढ़वाल: टिहरी गढ़वाल के कद्दूखाल क्षेत्र में लगातार बारिश के बीच हुए भूस्खलन से एक पुराना भवन भरभराकर ढह गया। घटना के बाद प्रशासन ने दो रेस्टोरेंट, आसपास के खोखे और श्रमिकों की झुग्गियों को एहतियातन खाली करा दिया है। प्रारंभिक जांच में होटल निर्माण के लिए की जा रही खोदाई को भूस्खलन की संभावित वजह माना जा रहा है।

Building collapses due to Landslide Near Surkanda Tehri Garhwal

उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश पहाड़ी क्षेत्रों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। टिहरी गढ़वाल जिले के सुरकंडा के पास कद्दूखाल क्षेत्र में बुधवार शाम हुए भूस्खलन ने स्थानीय लोगों में दहशत फैला दी। राष्ट्रीय राजमार्ग-707ए (चंबा–मसूरी हाईवे) के किनारे स्थित एक पुराना भवन अचानक भरभराकर ढह गया। गनीमत रही कि भवन पहले से खाली था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

दो रेस्टोरेंट और आसपास की दुकानें खतरे में

भूस्खलन के कारण भवन के पास स्थित दो रेस्टोरेंट भी खतरे की जद में आ गए। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों रेस्टोरेंट, आसपास के खोखे और श्रमिकों की झुग्गियों को खाली करा दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भवन के गिरते ही उसके साथ लगी पानी की कई प्लास्टिक टंकियां भी गहरी ढलान में जा गिरीं। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जिस भवन के नीचे की जमीन खिसकी, उसके ऊपर बना एक अन्य निर्माण भी असुरक्षित हो गया है। भूस्खलन के कारण उसकी नींव का बड़ा हिस्सा कमजोर पड़ चुका है और विशेषज्ञों के अनुसार यह भवन भी कभी भी गिर सकता है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पूरे क्षेत्र की निगरानी बढ़ा दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आई यह वजह

जिला आपदा प्रबंधन विभाग के अनुसार, प्रारंभिक जांच में पता चला है कि क्षेत्र में होटल निर्माण के लिए की जा रही खोदाई के कारण पहाड़ी का हिस्सा कमजोर हो गया था। लगातार बारिश के चलते मिट्टी खिसकने से भूस्खलन हुआ। अधिकारियों ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने लोगों से की सतर्क रहने की अपील

प्रशासन ने स्थानीय लोगों और यात्रियों से अपील की है कि लगातार बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही से बचें। संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को भी सतर्क रहने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है। घटना का ये विडियो देखिये...