हल्द्वानी: उत्तराखंड के हल्द्वानी से दहेज उत्पीड़न और घरेलू हिंसा का एक गंभीर मामला सामने आया है। मुखानी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक विवाहिता ने अपने पति और ससुराल पक्ष के चार लोगों पर दहेज की मांग, मारपीट और मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। पीड़िता की शिकायत पर मुखानी पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Woman Levels Serious Abuse Allegations in Haldwani
एफआईआर में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता की शादी वर्ष 2024 में हुई थी। विवाह के दौरान मायके पक्ष ने आभूषण, घरेलू सामान और करीब चार लाख रुपये की नकद राशि भी दी थी। इसके बावजूद विवाहिता का आरोप है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष लगातार अतिरिक्त दहेज और मायके की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग करने लगा। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया है कि उसे सेनेटरी पैड जैसी बुनियादी जरूरत की चीजों के लिए भी तरसाया जाता था, जिससे उसे मानसिक और शारीरिक दोनों तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा।
मासिक धर्म के दौरान जबरन संबंध बनाने का आरोप
शिकायत में विवाहिता ने पति पर एक और गंभीर आरोप लगाया है। उसका कहना है कि मासिक धर्म (पीरियड्स) के दौरान भी पति उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाता था। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी। इन आरोपों की पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
पढ़ाई के लिए भी मायके से मंगाने पड़े पैसे
विवाहिता का कहना है कि ससुराल पक्ष ने उसकी उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक सहायता देना भी बंद कर दिया था। मजबूरी में उसे अपनी पढ़ाई जारी रखने के लिए मायके से पैसे मंगाकर फीस जमा करनी पड़ी। उसका आरोप है कि आर्थिक रूप से भी उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता रहा है।
मारपीट कर घर से निकालने का भी आरोप
पीड़िता के अनुसार, पिछले वर्ष मार्च में वह कॉलेज में परीक्षा देकर घर लौटी तो उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से बाहर निकाल दिया गया। इसके बाद उसने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। मुखानी पुलिस ने पीड़िता की शिकायत के आधार पर पति समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। सभी पक्षों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगे तथ्य
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, विवाहिता द्वारा लगाए गए सभी आरोपों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।