उत्तराखंड हरिद्वारHaridwar Bus and Pickup Collision Claims Three Lives

उत्तराखंड: रोडवेज बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, 3 लोगों की दर्दनाक मौत.. 4 गंभीर घायल

हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और पिकअप वाहन की भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Haridwar road accident: Haridwar Bus and Pickup Collision Claims Three Lives
Image: Haridwar Bus and Pickup Collision Claims Three Lives (Source: Social Media)

हरिद्वार: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। श्यामपुर थाना क्षेत्र के फ्लाईओवर के पास टनकपुर डिपो की रोडवेज बस और एक पिकअप वाहन की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस का अगला हिस्सा भी बुरी तरह टूट गया।

Haridwar Bus and Pickup Collision Claims Three Lives

पुलिस के अनुसार रोडवेज बस नजीबाबाद से हरिद्वार की ओर जा रही थी, जबकि पिकअप हरिद्वार से बिजनौर की तरफ जा रहा था। फ्लाईओवर के मोड़ पर दोनों वाहन आपस में टकरा गए। हादसे के समय पिकअप में कुल 10 लोग सवार थे। टक्कर के दौरान दो लोग फ्लाईओवर से नीचे जा गिरे, जिससे स्थिति और भी भयावह हो गई।

तीन लोगों की मौत, चार घायल

घटना के बाद पुलिस और 108 एंबुलेंस की टीम ने सभी घायलों को जिला चिकित्सालय हरिद्वार पहुंचाया। उपचार के दौरान 18 वर्षीय अहान और एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल शराफत और उनकी पत्नी शबाना को एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में शबाना ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस ने तुरंत संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही श्यामपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। क्रेन और हाइड्रोलिक मशीन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात दोबारा सुचारु कराया गया। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

एक सप्ताह में दूसरा बड़ा हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार श्यामपुर का नवनिर्मित फ्लाईओवर लगातार हादसों का केंद्र बनता जा रहा है। बताया जा रहा है कि फ्लाईओवर पर पर्याप्त रोशनी नहीं होने के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। बीते सप्ताह भी इसी फ्लाईओवर पर हुए हादसे में एक बुजुर्ग दंपति और उनके पांच वर्षीय पोते की जान चली गई थी।

पुलिस क्या बोली?

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में दुर्घटना के पीछे कई संभावित कारणों की पड़ताल की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।