देहरादून: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। देहरादून स्थित वन अनुसंधान संस्थान (FRI) ने ग्रुप-सी के विभिन्न पदों पर भर्ती का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती अभियान के तहत कुल 91 रिक्त पदों को भरा जाएगा। इनमें मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS), फॉरेस्ट गार्ड, लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC), टेक्नीशियन, स्टेनोग्राफर और अन्य पद शामिल हैं।
FRI Recruitment 2026: Apply for 91 Group C Posts
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि इसमें 10वीं पास, 12वीं पास, आईटीआई धारक और स्नातक उम्मीदवार अपनी योग्यता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्रक्रिया 4 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार 3 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
किन-किन पदों पर होगी भर्ती?
FRI द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार कुल नौ प्रकार के पदों पर नियुक्तियाँ की जाएंगी। सबसे अधिक 45 पद मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) के लिए निर्धारित किए गए हैं। इसके अलावा 11 पद टेक्नीशियन (फील्ड/लैब रिसर्च), 9 पद टेक्नीशियन (मेंटेनेंस), 8 पद लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC), 7 पद फॉरेस्ट गार्ड, 4 पद टेक्निकल असिस्टेंट, 3 पद स्टोर कीपर तथा 2-2 पद लाइब्रेरी इंफॉर्मेशन असिस्टेंट और स्टेनोग्राफर ग्रेड-II के लिए रखे गए हैं।
आवेदन और परीक्षा की महत्वपूर्ण तिथियां
भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 4 मई 2026 से शुरू हो चुके हैं। आवेदन करने की अंतिम तिथि 3 जून 2026 रात 11:59 बजे तक निर्धारित की गई है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) जून 2026 में संभावित रूप से आयोजित की जाएगी। जबकि डिस्क्रिप्टिव टेस्ट और स्किल टेस्ट की तिथियां बाद में घोषित की जाएंगी।
शैक्षणिक योग्यता
इस भर्ती में अलग-अलग पदों के लिए अलग-अलग शैक्षणिक योग्यताएं निर्धारित की गई हैं। मल्टी टास्किंग स्टाफ (MTS) पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 10वीं पास होना आवश्यक है। स्टोर कीपर पद के लिए 12वीं पास योग्यता मांगी गई है। लोअर डिवीजन क्लर्क (LDC) और स्टेनोग्राफर पदों के लिए 12वीं पास होने के साथ कंप्यूटर ज्ञान और टाइपिंग अथवा स्टेनोग्राफी कौशल जरूरी है। फॉरेस्ट गार्ड पद के लिए विज्ञान विषय के साथ 12वीं पास होना अनिवार्य है। वहीं टेक्निकल असिस्टेंट और लाइब्रेरी इंफॉर्मेशन असिस्टेंट जैसे पदों के लिए संबंधित विषय में स्नातक डिग्री मांगी गई है।
फॉरेस्ट गार्ड के लिए शारीरिक मानक भी जरूरी
फॉरेस्ट गार्ड पद के लिए शैक्षणिक योग्यता के साथ शारीरिक दक्षता भी अनिवार्य होगी। पुरुष उम्मीदवारों को 4 घंटे में 25 किलोमीटर पैदल चलना होगा, जबकि महिला उम्मीदवारों को 4 घंटे में 14 किलोमीटर की पैदल चाल पूरी करनी होगी। इसके अलावा पुरुषों के लिए न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर और महिलाओं के लिए 150 सेंटीमीटर निर्धारित की गई है।
आयु सीमा और आरक्षण का लाभ
उम्मीदवारों की आयु की गणना 3 जून 2026 के आधार पर की जाएगी। विभिन्न आरक्षित वर्गों को केंद्र सरकार के नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी। अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग को 5 वर्ष, अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) को 3 वर्ष तथा दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष तक की आयु छूट मिलेगी। इसके अलावा पूर्व सैनिकों और अन्य पात्र श्रेणियों के लिए भी नियमानुसार छूट का प्रावधान रखा गया है।
आवेदन शुल्क
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को कुल 1500 रुपये शुल्क जमा करना होगा। इसमें आवेदन शुल्क और प्रोसेसिंग शुल्क दोनों शामिल हैं। वहीं महिला, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और दिव्यांग उम्मीदवारों को केवल 700 रुपये प्रोसेसिंग शुल्क का भुगतान करना होगा।
तीन चरणों में होगा चयन
उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) आयोजित होगी, जिसमें वस्तुनिष्ठ प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके बाद सफल उम्मीदवारों को डिस्क्रिप्टिव टेस्ट देना होगा। कुछ विशेष पदों के लिए तीसरे चरण में स्किल टेस्ट, टाइपिंग टेस्ट, स्टेनोग्राफी टेस्ट या फिजिकल टेस्ट आयोजित किया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची CBT में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार की जाएगी। इस भर्ती में किसी भी पद के लिए इंटरव्यू नहीं होगा।
आवेदन के लिए जरुरी दस्तावेज
ऑनलाइन आवेदन करते समय उम्मीदवारों को पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर, बाएं हाथ के अंगूठे का निशान और शैक्षणिक प्रमाणपत्रों की स्कैन कॉपी अपलोड करनी होगी। दस्तावेज सत्यापन के समय सभी मूल प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र, ईडब्ल्यूएस प्रमाणपत्र, दिव्यांग प्रमाणपत्र, अनुभव प्रमाणपत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे।
युवाओं के लिए बड़ा मौका
FRI की यह भर्ती उन युवाओं के लिए शानदार अवसर है जो सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे हैं। विभिन्न शैक्षणिक योग्यताओं वाले उम्मीदवारों के लिए अलग-अलग पद उपलब्ध हैं। ऐसे में योग्य अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि से पहले आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लेनी चाहिए, ताकि वे इस अवसर का लाभ उठा सकें।