उत्तराखंड देहरादूनUttarakhand Government Transfers 29 IAS and PCS Officers

उत्तराखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, देहरादून के DM समेत 29 IAS-PCS अधिकारियों के तबादले

उत्तराखंड सरकार ने 29 IAS और PCS अधिकारियों के तबादले किए हैं। देहरादून और बागेश्वर को नए डीएम मिले हैं, जबकि गढ़वाल मंडलायुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई हैं।

Uttarakhand IAS transfer list: Uttarakhand Government Transfers 29 IAS and PCS Officers
Image: Uttarakhand Government Transfers 29 IAS and PCS Officers (Source: Social Media)

देहरादून: उत्तराखंड सरकार ने राज्य प्रशासन में बड़ा बदलाव करते हुए 29 आईएएस, पीसीएस और सचिवालय सेवा अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। शनिवार देर रात कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेशों में कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया। इस फेरबदल में गढ़वाल मंडलायुक्त, देहरादून और बागेश्वर के जिलाधिकारी समेत कई महत्वपूर्ण पदों पर नई नियुक्तियां की गई हैं।

Uttarakhand Government Transfers 29 IAS and PCS Officers

सरकार ने गढ़वाल मंडलायुक्त विनय शंकर पांडे को पद से हटाकर नई जिम्मेदारी सौंपी है। उनकी जगह अब आनंद स्वरूप को गढ़वाल मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं विनय शंकर पांडे को स्वास्थ्य और नागरिक उड्डयन विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। यह जिम्मेदारी पहले आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे संभाल रहे थे, जिन्हें केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया है।

देहरादून को मिला नया जिलाधिकारी

देहरादून के जिलाधिकारी सविन बंसल को सचिव नियोजन की जिम्मेदारी दी गई है। उनकी जगह अब आईएएस अधिकारी आशीष चौहान को देहरादून का नया डीएम बनाया गया है। आशीष चौहान इससे पहले नागरिक उड्डयन विभाग में जिम्मेदारी संभाल रहे थे। राजधानी देहरादून में नए डीएम की नियुक्ति को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बागेश्वर डीएम का भी तबादला

बागेश्वर की जिलाधिकारी आकांक्षा कोंडे को अब महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा बनाया गया है। उनकी जगह शासन में अपर सचिव के पद पर तैनात अपूर्वा पांडे को बागेश्वर का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग में बड़े बदलाव

सरकार ने उच्च शिक्षा और तकनीकी शिक्षा विभागों में भी बदलाव किए हैं। सचिव पशुपालन डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम को अब उच्च शिक्षा विभाग की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं रंजीत कुमार सिन्हा से उच्च शिक्षा विभाग वापस ले लिया गया है और अब वे केवल तकनीकी शिक्षा विभाग देखेंगे। स्वास्थ्य विभाग में भी बदलाव करते हुए संदीप तिवारी को मिशन निदेशक एनएचएम बनाया गया है। जबकि मनुज गोयल से यह जिम्मेदारी वापस ले ली गई है। आगे पढ़िए..

ये भी पढ़ें:

नगर निगम और कर विभाग में बदलाव

आईएएस अधिकारी सोनिका से आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन की जिम्मेदारी वापस ली गई है। प्रतीक जैन को नया आयुक्त कर और महानिरीक्षक निबंधन बनाया गया है। वहीं आलोक कुमार पांडे को नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। नमामि बंसल को विद्यालयी शिक्षा विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

समाज कल्याण और पर्यटन विभाग में नई जिम्मेदारियां

आईएएस अधिकारी संजय कुमार को कौशल विकास के साथ निदेशक समाज कल्याण की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं अभिषेक रुहेला को पर्यटन विभाग के साथ प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) का मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनाया गया है।

कई PCS अधिकारियों के भी हुए तबादले

सरकार ने आठ पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। फिंचाराम को एडीएम हरिद्वार से हटाकर एडीएम पौड़ी भेजा गया है। वहीं अनिल गर्ब्याल को पौड़ी से हटाकर परिवहन निगम का एमडी बनाया गया है। योगेश मेहरा को एसडीएम हरिद्वार और प्रमोद कुमार को एसडीएम चंपावत की जिम्मेदारी दी गई है।

सचिन कुर्वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर रवाना

2013 बैच के आईएएस अधिकारी सचिन कुर्वे को केंद्र सरकार में प्रतिनियुक्ति पर भेज दिया गया है। वर्तमान में वे उत्तराखंड में स्वास्थ्य सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। अब उन्हें चेन्नई पोर्ट अथॉरिटी का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक फेरबदल के राजनीतिक मायने

राज्य सरकार के इस बड़े प्रशासनिक फेरबदल को आगामी योजनाओं और प्रशासनिक कार्यों को तेज करने की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है। विशेष रूप से स्वास्थ्य, शिक्षा, नगर विकास और पर्यटन विभागों में हुए बदलाव सरकार की प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं। आने वाले समय में इन बदलावों का असर राज्य की प्रशासनिक कार्यशैली पर भी देखने को मिल सकता है।