हरिद्वार: सुबह पूर्णिया कोर्ट से अमृतसर जाने वाली जनसेवा एक्सप्रेस लक्सर स्टेशन पर एक बड़े घटनाक्रम का शिकार हो गई। करीब 10 बजे ट्रेन प्लेटफार्म नंबर-6 पर पहुंची थी और 10:17 बजे रवाना की गई। इसी दौरान एक महिला अचानक चलती ट्रेन से प्लेटफार्म पर गिर गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
Train Halted for 3 Hours After Technical Fault at Laksar Station
घटना के बाद ट्रेन मैनेजर विनय कुमार ने तुरंत वैक्यूम लगाकर ट्रेन को रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बच गया। ट्रेन के रुकते ही एक और बड़ी समस्या सामने आ गई। कोच संख्या 216200 में तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण ब्रेक सिस्टम में प्रेशर नहीं बन पाया। इस वजह से ट्रेन को आगे बढ़ाना संभव नहीं रहा और उसे वापस प्लेटफॉर्म पर लाना पड़ा। इस तकनीकी फेलियर के कारण पूरी ट्रेन करीब तीन घंटे तक स्टेशन पर ही खड़ी रही।
मामले की गंभीरता को देखते हुए ट्रेन मैनेजर और लोको पायलट अनिल कुमार ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद हरिद्वार से TSR (ट्रेन सर्विस रिपेयर) टीम को लक्सर बुलाया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मेहनत के बाद कोच में आई खराबी को ठीक किया। तकनीकी समस्या दूर होने के बाद ही ट्रेन को आगे बढ़ाने की अनुमति दी गई। आगे पढ़िए..
ये भी पढ़ें:
अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा असर
इस घटना के कारण लखनऊ से चंडीगढ़ जाने वाली चंडीगढ़ एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर-2 पर 11:20 बजे पहुंची, लेकिन रास्ता न मिलने के कारण उसे काफी देर तक रोका गया और 12:08 बजे रवाना किया गया। वहीं देहरादून से सहारनपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन भी करीब एक घंटे तक प्लेटफार्म नंबर-3 पर खड़ी रही और 12:45 बजे रवाना हो सकी। कई अन्य ट्रेनों को भी वैकल्पिक प्लेटफार्म से संचालित करना पड़ा। तकनीकी खराबी को ठीक करने में करीब तीन घंटे का समय लग गया। इसके बाद जनसेवा एक्सप्रेस को दोपहर 1:15 बजे सहारनपुर के लिए रवाना किया गया। अचानक हुए इस हादसे और तकनीकी खराबी के कारण यात्रियों को घंटों स्टेशन पर इंतजार करना पड़ा। कई यात्रियों ने रेलवे की व्यवस्थाओं पर सवाल उठाए और बेहतर मेंटेनेंस की मांग की।
रेलवे अधिकारियों का बयान
स्टेशन अधीक्षक केआर मीणा ने बताया कि कोच में तकनीकी खराबी के कारण ट्रेन को रोकना पड़ा था। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है और आगे जांच की जाएगी।